चंपावत में मांगों को लेकर कॉलेज की छत पर चढ़े छात्र, महाविद्यालय प्रशासन और पुलिस के फूले हाथ-पांव
लोहाघाट के स्वामी विवेकानंद कॉलेज में छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना आठवें दिन भी जारी रहा, जिसमें सात छात्र मांगों को ...और पढ़ें

मांगों को लेकर अड़े छात्र।
HighLights
लोहाघाट कॉलेज में छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना आठवें दिन।
सात छात्र मांगों को लेकर कॉलेज की छत पर चढ़े।
पुलिस और प्रशासन छात्रों को समझाने का लगातार प्रयास कर रहे।
जागरण संवाददाता, लोहाघाट (चंपावत)। स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विभिन्न मांगों को लेकर एबीवीपी और छात्रसंघ का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को आठवें दिन भी जारी रहा। दोपहर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब मांगों पर कार्रवाई न होने से नाराज विद्यार्थी परिषद के सात छात्र कॉलेज की छत पर चढ़ गए। छात्र मांग पूरी होने तक छत से न उतरने की जिद पर अड़े हुए हैं। पुलिस और महाविद्यालय प्रशासन की टीम लगातार छात्रों को समझाने का प्रयास कर रही है।
एबीवीपी के प्रदेश छात्रसंघ प्रमुख विवेक पुजारी और जिला संयोजक नीरज सगटा के नेतृत्व में छात्रों ने सोमवार से क्रमिक अनशन शुरू किया। इससे पहले छात्रों ने मांगों को लेकर एसएसजे विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला दहन किया।
छात्र ने कॉलेज में इतिहास, समाजशास्त्र, शिक्षा शास्त्र और मनोविज्ञान की कक्षाएं शुरू करने, डबल एमए की सुविधा देने, वर्ष 2021 से 2025 तक की सभी मार्कशीट उपलब्ध कराने, स्थायी लाइब्रेरियन की नियुक्ति करने तथा माडर्न फिजिक्स में अनुत्तीर्ण सभी छात्र-छात्राओं को बांड के आधार पर प्रवेश देने की मांग कर रहे हैं।
दोपहर में छात्रसंघ अध्यक्ष शिखर वर्मा के साथ राहुल बिष्ट, करन देउपा, प्रियांशु ढेक, आयुष करायत, अमित त्रिवेदी और अंकित बिष्ट अचानक कालेज की छत पर चढ़ गए। छात्रों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होंगे।
सूचना मिलने पर तहसीलदार मुहीउद्दीन के नेतृत्व में पुलिस बल कालेज पहुंचा। प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपा सिंह और प्रशासनिक अधिकारी भी छात्रों को समझाने का लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। चार बजे तक छात्र छत में बैठकर ही धरना दे रहे थे।
