सीएम धामी ने किया मां वाराही धाम का शिलान्यास, बोले- बग्वाल हमारी वीरता, परंपरा और सामूहिक आस्था का संगम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवीधुरा स्थित मां वाराही धाम मंदिर के निर्माण का वर्चुअल शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह प्राचीन धाम श्रद्धा और शक ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां वाराही मंदिर के निर्माण का वर्चुअल शिलान्यास किया.

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, चंपावत । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देवीधुरा स्थित मां वाराही धाम स्थित मंदिर निर्माण का शिलान्यास वर्चुअल माध्यम से किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्री वाराही धाम के नव-निर्मित कार्यों का शुभारंभ होना हम सभी के लिए सौभाग्य का क्षण है। यह प्राचीन धाम सदियों से श्रद्धा, आस्था और शक्ति का केंद्र रहा है। यहां आयोजित होने वाला बग्वाल मेला हमारी वीरता, परंपरा और सामूहिक आस्था का अद्भुत संगम है। राज्य सरकार ने इसे राजकीय मेला घोषित भी किया है।
देवीधुरा स्थित मां वाराही मंदिर के शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मां वाराही मंदिर का नव-निर्माण मंदिर को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करेगा। यह धाम आस्था के साथ विकास और समृद्धि का भी प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा प्रदेश में स्थित चारधाम, शक्तिपीठ, सिद्धपीठ और अन्य मंदिर, हमारी सनातन परंपरा और सांस्कृतिक पहचान के जीवंत प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण एवं पुनरुत्थान का कार्य भी किया जा रहा है। राज्य सरकार देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को भव्य रूप प्रदान करने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि यह देवभूमि है, यहां देवताओं का वास है, राज्य सरकार देवभूमि की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को दिव्य,भव्य और सुरक्षित बनाने का अपना काम इसी प्रकार जारी रखेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार, देवभूमि उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने का कार्य कर रही है। केदारखंड के साथ ही मानसखंड के पौराणिक मंदिरों का सुंदरीकरण के साथ ही चंपावत के बालेश्वर मंदिर, पाताल रुद्रेश्वर मंदिर और माँ रणकोची मंदिर, मां पूर्णागिरी मंदिर का भी पुनर्विकास किया जा रहा है।
चंपावत के विकास को कई कार्य गतिमान
मुख्यमंत्री ने कहा चंपावत क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शारदा कारिडोर का निर्माण, 179 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास कार्य, लगभग 430 करोड़ रुपये की लागत से गोल्ज्यू कारिडोर के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
खिलाड़ियों के लिए किए गए कार्य को गिनाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहाघाट के छमनिया में लगभग 10 करोड़ से अधिक की लागत से आधुनिक एथलेटिक सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण, लगभग 257 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कालेज का निर्माण किया जा रहा है।
शिक्षा व पर्यटन के क्षेत्र में भी कार्य गतिमान
मुख्यमंत्री ने कहा राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से भवन और छात्रावास का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके अलावा सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए रीठा साहिब क्षेत्र में लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से सड़क नवीनीकरण और सुधार कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किए गए हैं। कहा शहीद शिरोमणी चिल्कोटी मोटर मार्ग के सुधार कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं।, लोहाघाट में फायर स्टेशन के प्रशासनिक भवन का निर्माण भी किया जा रहा है। देवीधुरा में पुलिस चौकी का निर्माण कार्य भी पूर्ण हो चुका है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है।
अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मज़बूत नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार में दिल्ली और देहरादून से भेजा गया एक - एक पैसा, पूरी पारदर्शिता के साथ सीधे प्रदेश के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक डीबीटी के माध्यम से पहुंच रहा है।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, श्रीवाराही शक्ति पीठ ट्रस्ट संरक्षक/संस्थापक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, निर्मल माहरा, श्याम नारायण पांडे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।