ऋषिकेश में 16 साल की किशोरी को शराब पिलाने के बाद सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपित गिरफ्तार
किशोरी को शराब पिलाने के बाद दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

HighLights
षड्यंत्र में एक दोस्त भी शामिल था
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। सोलह साल की किशोरी को शराब पिलाने के बाद दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना में षड्यंत्र में उनका एक दोस्त भी शामिल था। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। बीती सात जुलाई को पुलिस को दी तहरीर में एक युवक ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय बहन एक जुलाई को अपनी परिचित युवती के साथ आइडीपीएल क्षेत्र में गई थी।
जहां उसे और उसकी परिचित युवती को कुछ युवकों ने शराब पिलाई। आइडीपीएल में एक गोदाम में नशे की स्थिति का फायदा उठाकर नाबालिग के साथ अश्लील हरकत कर दुष्कर्म किया गया। नाबालिग को आरोपित रात को घर छोड़कर चले गए। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कोर्ट में नाबालिग के बयान दर्ज कराए।
जांच के दौरान सामने आया कि गोविंद पुत्र खेमचंद, निवासी श्यामनगर, सुनहरा, रुड़की और दीपक उर्फ डीपी पुत्र सेवाराम, निवासी सुनहरा, रुड़की ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। उनके साथी शिवम उर्फ शुभम पुत्र पवन कुमार निवासी इब्राहिमपुर, रामपुर, रुड़की की भूमिका नाबालिग को अपने साथ लाने और घटना के षड्यंत्र में शामिल होने में सामने आई।
ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक के अलावा वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी, उप निरीक्षक राजकुमार, महिला उप निरीक्षक ज्योति, कांस्टेबल सौरभ वालिया शामिल रहे।
शादियों में नाचने-गाने और हाट बाजार में सामान बेचने का काम करते थे आरोपित
पीड़िता की परिचित युवती और आरोपित युवक शादी समारोह आदि में नाचने-गाने का काम करते थे। आरोपित अलग-अलग जगह हाट बाजार में सामान भी बेचते थे। इसलिए उन्होंने आइडीपीएल में गोदाम बनाया था। घटना वाले दिन आरोपित अपने गोदाम में आए थे। उन्होंने युवती को बुलाया, जिसके साथ नाबालिग भी चली गई।
उसके बाद आरोपितों ने उन्हें शराब पिलाई। नाबालिग के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। एक जुलाई को हुई घटना के बाद पीड़ता सदमे की स्थिति में चली गई। वह आरोपितों के बारे में नहीं जानती थी। सोलह जुलाई को पुलिस ने कोर्ट में पीड़िता के बयान दर्ज कराए। जिसमें उसने अपने साथ दुष्कर्म होने की बात बताई।
मेडिकल जांच में भी दुष्कर्म की पुष्टि हुई। पुलिस के पास आरोपितों के शुरू में नाम नहीं थे। बाद में घटना स्थल के आसपास उस दिन चल रहे मोबाइल फोन, सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकाली गई। जांच में तीन नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
