विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 28, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

त्रिस्तरीय नगर निकाय चुनाव में 4978 प्रत्याशी मैदान में

By Sunil NegiEdited By:
Published: Sun, 28 Oct 2018 09:13 AM (IST)

त्रिस्तरीय निकाय चुनाव में 4978 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। इनमें महापौर के 51, नगर पालिका अध्यक्ष के 279 और नगर पंचायत अध्यक्ष के 226 प्रत्याशी शामिल हैं।

त्रिस्तरीय नगर निकाय चुनाव में 4978 प्रत्याशी मैदान में
त्रिस्तरीय नगर निकाय चुनाव में 4978 प्रत्याशी मैदान में

देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: त्रिस्तरीय निकाय चुनाव में शनिवार को नाम वापसी के बाद उम्मीदवारों की तस्वीर साफ हो गई। 652 प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद 4978 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। इनमें महापौर के 51, नगर पालिका अध्यक्ष के 279 और नगर पंचायत अध्यक्ष के 226 प्रत्याशी शामिल हैं। पार्षद, सभासद-सदस्य के 34 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन भी तय हो गया है।

निकाय चुनाव के लिए 25 व 26 अक्टूबर को चली नामांकन पत्रों की जांच के बाद नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायतों में महापौर, अध्यक्ष और पार्षद, सभासद-सदस्य पदों पर 5664 प्रत्याशियों के नामांकन पर्चे वैध पाए गए। शनिवार को नाम वापसी का दिन था। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक तमाम निकायों में प्रत्याशियों द्वारा नाम वापस लिए जाने का क्रम चला। कुल 652 प्रत्याशियों ने अपनी उम्मीदवारी वापस ली।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार सात नगर निगमों में महापौर पदों पर 13 प्रत्याशियों के नाम वापस लिए जाने के बाद अब 51 प्रत्याशी मैदान में हैं। पार्षद पदों के लिए 197 प्रत्याशियों की नाम वापसी के पश्चात 1728 उम्मीदवार रह गए हैं।

39 नगर पालिका परिषदों के अध्यक्ष पदों के लिए 328 प्रत्याशियों के नामांकन वैध पाए गए थे, जिनमें से 49 ने नाम वापस ले लिए। नपा परिषदों में सभासद पदों पर 209 प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद 1797 उम्मीदवार मैदान में हैं।

38 नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों पर 46 प्रत्याशियों की नाम वापसी के बाद 226 प्रत्याशी मैदान में हैं। सदस्य पदों पर 138 प्रत्याशियों की नाम वापसी के पश्चात 897 उम्मीदवार चुनाव मैदान में डटे हैं।

आयोग के अनुसार नगर निगमों में पार्षद के तीन पदों पर एक-एक नामांकन होने के कारण इन पर निर्विरोध निर्वाचन तय है। इसी प्रकार नगर पालिकाओं में सभासद के 15 और नगर पंचायतों में सदस्य के 16 पदों पर उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय है।

29 को आवंटित होंगे चुनाव चिह्न

18 नवंबर को होने वाले नगर निकाय चुनाव में किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों को 29 अक्टूबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। आयोग के मुताबिक चुनाव चिह्न आवंटन का कार्य सुबह 10 बजे से शुरू होगा।

यह भी पढ़ें: इस बार चुनाव में दिखेंगे अलग-अलग तरह के चुनाव चिन्ह

यह भी पढ़ें: तीन नामांकन खारिज होने के बाद अब मजबूत निर्दलीय पर दांव खेलेगी कांग्रेस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।