उत्तराखंंड में स्वाइन फ्लू: 58 नए मरीज मिले, 271 पहुंची कुल संक्रमितों की संख्या; 120 का इलाज जारी
देहरादून में स्वाइन फ्लू के 58 नए मामले सामने आए हैं, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 271 हो गई है ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
देहरादून में स्वाइन फ्लू के 58 नए मामले दर्ज।
जिले में डेंगू और चिकनगुनिया के भी नए मरीज।
कुल 120 स्वाइन फ्लू मरीज सक्रिय, दो की मौत।
जागरण संवाददाता, देहरादून। जिले में स्वाइन फ़्लू (एच1एन1,इन्फ्लूएंजा) के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को 105 सैंपल लिए गए, जिनमें 58 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें 38 मरीज देहरादून जबकि 20 अन्य जिलों के हैं। देहरादून, ऋषिकेश और जौलीग्रांट के अस्पतालों में इन मरीजों का इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के रिपोर्ट के अनुसार, अब जिले में एच1एन1 के 521 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें 271 मरीज संक्रमित मिले हैं। इनमें 149 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 120 सक्रिय मरीज हैं। दो मरीजों की मौत भी दर्ज है, जिनका डेथ आडिट किया गया है। संक्रमितों में 128 महिलाएं और 143 पुरुष हैं।
कोविड के दो नए मामले
कोविड की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को 51 सैंपल लिए गए जिसमें से दो नए मामले पाजीटिव आए। अब तक 303 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 39 संक्रमित मिले हैं। इनमें 37 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और दो मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।
डेंगू के दो नए मरीज मिले, एक मरीज देहरादून और दूसरा दिल्ली का
देहरादून में शुक्रवार को डेंगू के दो नए मरीज मिले। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को 460 सैंपल लिए गए, जिनमें दो की रिपोर्ट एलाइजा जांच में पॉजिटिव आई। एक देहरादून जबकि दूसरा मरीज दिल्ली का है। अब तक जिले में डेंगू के 24,844 सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें 129 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। कुल संक्रमितों में 63 देहरादून और 66 अन्य क्षेत्रों के हैं। 112 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 17 मरीज वर्तमान में अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। डेंगू से अब तक किसी मौत की पुष्टि नहीं हुई है।
घर-घर सर्वे में 228 घर मिले संक्रमित
डेंगू की रोकथाम के लिए आशा और स्वयंसेवकों की ओर से घर-घर सर्वे में स्वयंसेवकों ने 6865 घरों का सर्वे किया, जिनमें 228 घर पॉजीटिव मिले। इस दौरान 52,825 कंटेनर जांचे गए और 318 कंटेनर पॉजिटिव पाए गए। आशा और स्वयंसेवकों के संयुक्त अभियान में अब तक 8,47,207 घरों का सर्वे किया जा चुका है और 15,485 घर पाजिटिव मिले हैं। वहीं 53,31,813 कंटेनरों की जांच में 19,457 कंटेनर पाजिटिव पाए गए।
यह भी पढ़ें- देहरादून में सक्रिय हुई एक करोड़ साल पुरानी MBT फॉल्ट लाइन! बढ़ा खतरा
यह भी पढ़ें- अब देहरादून में अब नहीं चलेगी मनमानी, ड्रोन की नजर से ढूंढे जाएंगे अवैध निर्माण
चिकनगुनिया के दो मामले
देहरादून जिले में चिकनगुनिया के दो मामले सामने आए हैं। अब तक चिकनगुनिया के 77 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि डेंगू और चिकनगुनिया को लेकर अस्पतालों में सख्त निर्देश दिए हैं। सभी जगह डेंगू के अलग से वार्ड तैयार किए हैं।
