Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 27, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    वर्ल्‍ड स्कूल गेम्स में अनु कुमार ने जीता रजत पदक

    By Sunil NegiEdited By:
    Updated: Tue, 27 Jun 2017 08:33 PM (GMT+05:30)

    महाराणा प्रताप स्पोटर्स कॉलेज के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। कॉलेज के एथलेटिक्स प्रशिक्षु अनु कुमार ने वर्ल्‍ड स्कूल गेम्स में देश के लिए रजत पदक जी ...और पढ़ें

    वर्ल्‍ड स्कूल गेम्स में अनु कुमार ने जीता रजत पदक
    वर्ल्‍ड स्कूल गेम्स में अनु कुमार ने जीता रजत पदक

    देहरादून, [जेएनएन]: महाराणा प्रताप स्पोटर्स कॉलेज के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। कॉलेज के एथलेटिक्स प्रशिक्षु अनु कुमार ने वर्ल्‍ड स्कूल गेम्स में देश के लिए रजत पदक जीतकर परचम लहराया है। अनु कुमार उत्तराखंड के पहले मध्यम दूरी के धावक हैं जिन्होंने वर्ल्‍ड स्कूल गेम्स में पदक जीता है। 

    नैंसी फ्रांस में 24 जून से चल रहे वर्ल्‍ड स्कूल गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे अनु कुमार ने सोमवार को 800 मी. दौड़ में रजत पदक जीता। उन्होंने 1.53.56 मिनट का समय निकालते हुए यह उपलब्धि हासिल की। अनु कुमार का यह पहला अंतरराष्ट्रीय पदक है। 

    लंबी-मध्यम दूरी के कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय धावक दे चुके स्पोटर्स कॉलेज ने अनु कुमार के रूप में एक नया अंतरराष्ट्रीय धावक तैयार किया है। महाराणा प्रताप स्पोटर्स कॉलेज में 2012 में प्रवेश पाने वाले अनु कुमार ने पांच साल के कठिन परिश्रम के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका हासिल किया। 

    मूलरूप से धनपुरा हरिद्वार निवासी अनु कुमार के पिता महिपाल सिंह निजी कंपनी में कार्यरत हैं। फरवरी में गुजरात में हुए 62वीं राष्ट्रीय विद्यालयी एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंडर-17 वर्ग में अनु कुमार ने 800 व 1500 मी. दौड़ में स्वर्णिम सफलता हासिल की। 1500 मी. दौड़ में उन्होंने नया मीट रिकॉर्ड भी बनाया। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन वर्ल्‍ड स्कूल गेम्स के लिए हुआ है। नौ-दस मई को दिल्ली में गेल इंडिया स्पीड स्टार सेशन की 400 मी. दौड़ में भी अनु कुमार ने सभी को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता।

    खबरें और भी

    गेल ने उन्हें स्पांसरशिप भी दी है। अनु कुमार के कोच लोकेश कुमार ने बताया कि अनु ने देश के लिए पदक जीतकर कॉलेज का नाम रोशन किया है। उनके प्रदर्शन में भी सुधार हुआ है। 

    महाराणा प्रताप स्पोटर्स कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज शर्मा का कहना है कि अनु कुमार का वर्ल्‍ड स्कूल गेम्स में पदक जीतना कॉलेज के लिए उपलब्धि है। अनु मध्यम दूरी की दौड़ में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। हमारा लक्ष्य है कि वह 2020 में होने वाले ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करे। अनु के वापस लौटने पर उसे सम्मानित किया जाएगा।

    अनु कुमार की उपलब्धियां

    2015

    -इंटर डिस्ट्रिक्ट नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप विशाखापट्नम-अंडर-14 वर्ग 600 मी. दौड़ में स्वर्ण

    -31वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप रांची-अंडर-14 वर्ग की 600 मी. दौड़ में रजत

    2016

    61वीं राष्ट्रीय विद्यालयी एथलेटिक्स चैंपियनशिप-अंडर-17 वर्ग की 800 मी. दौड में रजत

    32वीं जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप कोयम्बटूर-800 मी. दौड़ में कांस्य

    2017

    62वीं राष्ट्रीय विद्यालयी एथलेटिक्स चैंपियनशिप गुजरात-अंडर-17 वर्ग 800 व 1500 मी. दौड़ में स्वर्ण

    वर्ल्‍ड स्कूल गेम्स नैंसी फ्रांस-अंडर-17 वर्ग में 800 मी. दौड़ में रजत पदक

    यह भी पढ़ें: ओलंपिक दिवस पर उत्तराखंड के युवाओं ने लगाई दौड़

    यह भी पढ़ें: उत्तराखंड की शटलर कुहू गर्ग का भारतीय टीम में चयन 

    यह भी पढ़ें: दून की सविता किर्गिस्तान में दिखाएंगी जूडो के दांव-पेच