'डाट काली मंदिर में मांगकर आई हूं मन्नत', बांसुरी स्वराज ने उत्तराखंड में तीसरी बार सरकार बनने का किया दावा
उत्तराखंड भाजपा की सहप्रभारी बांसुरी स्वराज ने देहरादून में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डाट काली माता मंदिर में भाजपा ...और पढ़ें
HighLights
बांसुरी स्वराज ने देहरादून में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
डाट काली माता मंदिर में भाजपा की जीत की मन्नत मांगी।
कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र दिया।
राहुल चौहान जागरण, देहरादून। उत्तराखंड भाजपा की नवनियुक्ति सहप्रभारी एवं दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज आज प्रभारी राम माधव व दूसरे सहप्रभारी अरविंद मेनन के साथ देहरादून पहुंचीं।
यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बांसुरी स्वराज ने उत्तराखंड के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा की।
इस दौरान बांसुरी स्वराज ने कहा कि मैं दिल्ली से देहरादून आते समय डाट काली माता मंदिर पर मन्नत मांगकर आई हूं कि उत्तराखंड में भाजपा की तीसरी बार सरकार बने।
तीसरी बार सरकार बनेगी तो मैं डाटकाली माता मंदिर पर मनोकामना पूरी होने पर मंदिर में चुनरी चढ़ाने के साथ भंडारा भी कराऊंगी। उन्होंने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत का मंत्र देते हुए अभी से काम में जुट जाने के लिए कहा।
बता दें कि उत्तराखंड भाजपा का सहप्रभारी बनने के बाद प्रभारी राम माधव व दोनों सहप्रभारी बांसुरी स्वराज व अरविंद मेनन पहली बार उत्तराखंड पहुंचे हैं। दो दिवसीय दौरे में वे प्रदेश के नेताओं और कार्यकर्ताओं से चुनाव को लेकर मंथन करेंगे।
सीएम धामी से की मुलाकात
प्रदेश प्रभारी राममाधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज व अरविंद मेनन ने शुक्रवार शाम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व तीनों प्रदेश महामंत्री भी मौजूद रहे।
