विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 24, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

शाह बोले, सत्ता के लिए समाज में जहर फैला रही कांग्रेस

By Raksha PanthariEdited By:
Published: Sun, 24 Jun 2018 10:07 PM (IST)Updated: Tue, 26 Jun 2018 05:39 PM (IST)

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उनका कहना है कि कांग्रेस सत्ता के लिए समाज में जहर फैला रही है।

शाह बोले, सत्ता के लिए समाज में जहर फैला रही कांग्रेस
शाह बोले, सत्ता के लिए समाज में जहर फैला रही कांग्रेस

देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न स्तरों पर संवाद के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सत्ता पाने के लिए कांग्रेस समाज में जहर फैला रही है। कई प्रकार के भ्रम पैदा करने की कोशिशें हो रही हैं। सभी वर्गों को जोड़ने के लिए कार्यकर्ताओं को कार्य करना होगा। साथ ही उन्हें साइबर वार के लिए भी तैयार रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आरक्षण खत्म नहीं होगा, बल्कि एससी-एसटी एक्ट को और मजबूत किया जाएगा। विपक्षी दलों के गठबंधन से निपटने के लिए उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर 50 फीसद से ज्यादा मत प्राप्त कर जीत का फार्मूला भी सुझाया। 

मिशन 2019 की तैयारी में जुटे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह तकरीबन नौ महीने बाद रविवार को एक दिनी दौरे पर उत्तराखंड आए। तकरीबन सात घंटे के प्रवास के दौरान उन्होंने पूर्णकालिक विस्तारक बैठक, सोशल मीडिया वॉलेंटियर सम्मेलन, अनुसूचित जाति के प्रमुखजनों से संवाद एवं लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के साथ बैठक की। विस्तारकों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि बूथों पर फोकस करना होगा। बूथ जीते तो अगले वर्ष आम चुनाव में जीत तय है। कार्यकर्ताओं को चुनाव में 50 फीसद से अधिक मत प्राप्त करने और 50 साल तक सरकार चलाने के लक्ष्य को लेकर काम करना होगा। बूथ स्तर तक पूरी रचना के बाद हमें पन्ना प्रमुख का कार्य 31 जनवरी तक पूरा करना है।  

विचारधाराओं का चल रहा दंगल

सोशल मीडिया वॉलेंटियर सम्मेलन में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि देश 2019 के लोकसभा चुनाव के मोड़ पर पहुंच गया है। आज देश में विचारधाराओं का दंगल चल रहा है। विपक्षी दल केवल सत्ता के लिए राजनीति में हैं। हमारी विचारधारा राष्ट्रवाद और संस्कृति को आगे बढ़ाने की भावना से जुड़ी है। हम देश को प्राचीन गौरव दोबारा दिलाना चाहते हैं। एक समय देश में कांग्रेस बनाम अन्य दल होते थे, लेकिन आज भाजपा एक तरफ और बाकी विरोधी एक तरफ हैं। विपक्षी एकजुटता के बावजूद यदि 50 फीसद मत मिले तो पार्टी को हराया नहीं जा सकता। 

आरक्षण नहीं होगा खत्म

कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिए कठिन परिश्रम की जरूरत है। इस युद्ध में सोशल मीडिया के हमारे कार्यकर्ता इंद्र का वज्र हैं। दूसरी ओर कांग्रेस भाड़े के टट्टुओं के सहारे काम कर रही है, लेकिन भाड़े के टट्टू चेतक का मुकाबला नहीं कर सकते। अनुसूचित जाति प्रमुख जनों से संवाद में शाह ने कहा कि एससी-एसटी एक्ट और मजबूत किया जाएगा। भाजपा आरक्षण समाप्त नहीं होने देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता के लिए भ्रम फैलाने के साथ समाज में टकराव व अलगाव पैदा करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस को विष फैलाने से रोकने को अनुसूचित जाति समाज को आगे आना होगा। राहुल गांधी झूठ बोलकर भ्रांतियां पैदा कर रहे हैं। शाह ने लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के साथ बैठक में चुनाव की तैयारियों व रणनीति पर चर्चा की। 

इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय, राष्ट्रीय सहमहामंत्री संगठन शिवप्रकाश, राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख एवं सांसद अनिल बलूनी, राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत, भाजपा आइटी विभाग प्रमुख अमित मालवीय व सोशल मीडिया विभाग प्रदेश प्रमुख भुवन जोशी उपस्थित रहे। इससे पहले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रविवार सुबह जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का स्वागत किया। अमित शाह ने संपर्क फॉर समर्थन अभियान के तहत हरिद्वार में शांतिकुंज पहुंचकर अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रमुख डॉ प्रणव पंड्या, शैलबाला पंड्या व चिन्मय पंड्या और भारत माता मंदिर ट्रस्ट संस्थापक स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी व आचार्य महामंडलेश्वर जूना अखाड़ा अवधेशानंद गिरी से मुलाकात की। 

यह भी पढ़ें: अमित शाह ने हरिद्वार पहुंच संतों से लिया आशीर्वाद, गिनाई सरकार की उपलब्धियां

यह भी पढ़ें: हरीश रावत का वर्ष 2019 के चुनावी समर में उतरने का ऐलान

यह भी पढ़ें: सांसद अनिल बलूनी बोले, राजनीति से खत्म करना होगा वीआइपी कल्चर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।