यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 01, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दून में अमित शाह की क्लास को भाजपा ने पूरा किया होमवर्क
त्रिशक्ति सम्मेलन में शिरकत को देहरादून आ रहे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सरकार और संगठन के कामकाज की समीक्षा भी करेंगे। वह सरकार के 22 महीने के कामकाज को ...और पढ़ें

देहरादून, विकास धूलिया। त्रिशक्ति सम्मेलन में शिरकत को देहरादून आ रहे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सरकार और संगठन के कामकाज की समीक्षा भी करेंगे। खासकर, लोकसभा चुनाव की तैयारियों के क्रम में प्रदेश सरकार के लगभग 22 महीने के कामकाज को शाह अपनी कसौटी पर परख सकते हैं।
उत्तराखंड के अपने पिछले दो दौरों के दौरान दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन में संगठन कितना खरा उतरा, इस पर भी भाजपा अध्यक्ष की नजर रहेगी। देहरादून में टिहरी व हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों के सांगठनिक कार्यकर्ताओं के लिए आज आयोजित होने वाले पहले त्रिशक्ति सम्मेलन के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सरकार और संगठन की चुनावी तैयारियों की जानकारी लेंगे। इसके लिए लगभग एक घंटे का समय नियत किया गया है।
पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक यह बैठक सम्मेलन स्थल के नजदीक ही आयोजित की जाएगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के अलावा प्रदेश पदाधिकारी, टिहरी व हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के सांसद और कुछ अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
इस बैठक में शाह लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश भाजपा की तैयारियों का जायजा लेंगे। साथ ही वह सितंबर 2017 और जून 2018 में अपने दौरे के दौरान दिए गए लक्ष्यों को लेकर रिपोर्ट तलब कर सकते हैं। इस सबको देखते हुए प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने पूरा लेखा-जोखा तैयार कर लिया है।
खबरें और भी
गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष ने अपने पिछले साल पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूती के लक्ष्य सौंपे थे। प्रदेश नेतृत्व का कहना है कि सभी लक्ष्य पूर्ण कर लिए गए हैं। इस बारे में रिपोर्ट भी राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपी जा चुकी है।
माना जा रहा कि अब भाजपा अध्यक्ष इन लक्ष्यों की रिपोर्ट के साथ कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से फीडबैक ले सकते हैं। इनसेट सर्वे रिपोर्ट तय करेगी टिकट देहरादून: उत्तराखंड में अपने पिछले लोकसभा व विधानसभा चुनाव के ऐतिहासिक प्रदर्शन को दोहराने को बेताब भाजपा लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों के चयन में खासी सतर्कता बरत रही है।
पार्टी पहले ही तय कर चुकी है कि टिकट का एकमात्र आधार प्रत्याशी का जिताऊ होना ही माना जाएगा। भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री थावर चंद गहलौत अपने हालिया दून दौरे के दौरान इस बात की पुष्टि कर चुके हैं। अब पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने यह कहकर टिकट के दावेदारों, खासकर मौजूदा सांसदों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है कि पार्टी द्वारा प्रदेश में कराए जा रहे सर्वे की रिपोर्ट काफी कुछ तय करेगी कि किसे प्रत्याशी बनाया जाए।
देहरादून में मीडिया से बातचीत में जाजू ने कहा कि जिताऊ प्रत्याशी की तलाश के लिए पार्टी प्रदेशभर में सर्वे करा रही है। इस सर्वे में जिसके भी पक्ष में राय बनेगी, उसका ही दावा मजबूत माना जाएगा। इसके अलावा पार्टी सांसदों का पिछले पांच साल के प्रदर्शन का आकलन भी किया जा रहा है। यह भी प्रत्याशी चयन का एक महत्वपूर्ण आधार होगा।