देहरादून में कार सवार युवकों की गुंडागर्दी, लोगों को कुचलने की कोशिश; चार आरोपित गिरफ्तार
विकासनगर के धर्मावाला चौक पर चार युवकों ने कार से जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने एक व्यक्ति से मारपीट की और बीच-बचाव करने आए लोगों व वाहनों को अपनी कार स ...और पढ़ें
HighLights
धर्मावाला चौक पर चार युवकों ने मचाया उत्पात
कार से लोगों और वाहनों को टक्कर मारी
पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया
जागरण संवाददाता, विकासनगर (देहरादून)। कार सवार चार युवकों ने सहसपुर कोतवाली अंतर्गत धर्मावाला चौक पर जमकर उत्पात मचाया।
उन्होंने एक व्यक्ति से झगड़े के दौरान बीचबचाव करने पहुंचे व्यक्ति की कार क्षतिग्रस्त कर मारपीट भी की। उन्होंने अपनी कार से वहां मौजूद लोगों व अन्य वाहनों को टक्कर मार दी।
इससे चौक पर अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। युवकों की इस हरकत पर जब लोगों ने आपत्ति जताई तो उन्होंने कई लोगों पर कार चढ़ाने का प्रयास किया।
घटना 22 मार्च (रविवार) की रात करीब आठ बजे की है। इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों इकराम, विशाल, शाहरूख और अरशद को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

सहसपुर कोतवाली में रविंद्र सिंह निवासी शाहपुर कल्याणपुर ने तहरीर दी। बताया कि 22 मार्च की रात करीब आठ बजे वह अपनी कार से बद्रीपुर की तरफ से आ रहा था।
जब वह धर्मावाला चौक पर पहुंचा तो देखा कि सड़क किनारे इकराम निवासी धर्मावाला, विशाल गोयल निवासी शाहपुर, शाहरुख और अरशाद निवासी प्रतीतपुर एक युवक के साथ मारपीट कर रहे हैं।

उसने कारण पूछा तो आरोपित उससे उलझने लगे और गाली गलौज की। साथ ही उन्होंने एक साथ मिलकर उसके साथ मारपीट भी की। इतने में आसपास मौजूद रणवीर, शुभम कश्यप व अन्य लोग एकत्र हो गए।
उन्होंने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की। फिर इकराम अपनी कार में बैठ गया और खतरनाक तरीके से ड्राइव करते हुए आसपास खड़े लोगों और कुछ अन्य गाड़ियों को टक्कर मार दी।

इससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। आरोप है कि उसने पास खड़े लोगों पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। टक्कर के कारण मौके पर खड़े शाहजाद निवासी धर्मावाला को भी गंभीर चोट गई।
आरोपितों ने पत्थर व लाठी डंडों ने पीड़ित की कार क्षतिग्रस्त कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर भी कार चढ़ाने का प्रयास किया। एसएसआइ विकास रावत के अनुसार मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।