विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 31, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बुटीक संचालिका की हत्या का मामला, पति के इर्द-गिर्द घूम रही शक की सुई Dehradun News

By Raksha PanthariEdited By:
Updated: Sat, 31 Aug 2019 04:17 PM (IST)

देहरादून में बुटीक संचालिका की हत्या कर पति को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस की शक की सुई अशोक के ही इर्द गिर्द घूम रही है।

बुटीक संचालिका की हत्या का मामला, पति के इर्द-गिर्द घूम रही शक की सुई Dehradun News
बुटीक संचालिका की हत्या का मामला, पति के इर्द-गिर्द घूम रही शक की सुई Dehradun News

देहरादून, जेएनएन। बुटीक संचालिका की हत्या कर पति को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस की शक की सुई अशोक के ही इर्द गिर्द घूम रही है। फिलहाल, उसके आइसीयू में होने की वजह से पुलिस उससे पूछताछ नही कर पा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने अशोक की सीडीआर भी मंगा ली है। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। माना तो यह भी जा रहा है कि कहीं अशोक ने रिंकू को यूज तो नहीं किया। हालांकि रिंकू के अभी तक सामने न आने के कारण कई सवालों के जवाब पुलिस नही तलाश सकी है। बता दें कि शुक्रवार को माता मंदिर रोड पर बुटीक संचालिका कामना की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और उसके पति अशोक को भी गोली मारी गई थी, मगर अशोक जिंदा बच गया। मामले में रिंकू के खिलाफ नेहरू कालोनी में हत्या का मुकदमा दर्ज है। 

अवैध संबंध और लेनदेन के विवाद भी हो सकती है वजह  

कामना हत्याकांड में पुलिस अवैध संबंधों से लेकर लेनदेन के विवाद और उन तमाम पहलुओं को केंद्र में रखकर जांच कर रही है, जो कामना और अशोक की जिंदगी से जुड़े हो सकते हैं। साथ ही परिवार और रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर दोनों के संबंधों के बारे में पता लगा रही है। सूत्रों की मानें तो अशोक की कोई महिला मित्र थी, जिसे लेकर घर में आए दिन झगड़े होते रहते थे। हालांकि घटना से इसका कोई सरोकार है या नहीं, पुलिस अभी इस पर जांच का हवाला देकर चुप्पी साधे है। 

पुलिस के अनुसार, परिजनों और आसपास के लोगों से अब तक सामने आई बातों से पता चला है कि कामना काफी महत्वाकांक्षी और मेहनती थी। वह घर की चहारदीवारी में कैद होने के बजाय अपने दम पर पहचान बनाना चाहती थी। शादी के बाद उसने किटी का कारोबार किया, लेकिन इसमें घाटा होने के बाद उसने घर में बुटीक शुरू कर दिया तो माली हालत भी सुधरने लगी। उधर, अशोक अपने ट्रांसपोर्ट के काम में मशगूल हो गया। सूत्रों से पता चला है कि इधर कुछ महीने से अशोक की किसी महिला से नजदीकी बढ़े लगी थी। इसका पता कामना को चला तो घर में आए दिन झगड़े होने लगे। 

दोनों में किस कदर तक मनमुटाव था, इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जब अशोक ने फोन कर अपने साले अमन को बताया कि उसे और कामना को रिंकू ने गोली मार दी है। इस पर जब अमन माता मंदिर रोड स्थित बुटीक पर आया तो जीजा को तड़पता छोड़ बहन को अस्पताल लेकर चला गया। बाद में पहुंची पुलिस ने अशोक को महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस भी इसके आधार पर मान रही है कि कामना और अशोक के बीच कुछ तो ऐसा था, जो परिवार और रिश्तेदारों को पसंद नहीं था। 

फिलहाल, अभी तक तो कामना की हत्या का पूरा शक रिंकू पर ही है, क्योंकि अभी तक किसी माध्यम से यह बात स्पष्ट नहीं हो सकी है कि रिंकू अपने दोस्तों के साथ गुरुवार की रात अशोक के घर आया था। 

यह भी पढ़ें: शादी से मना करने पर प्रेमिका की गला रेतकर हत्या, प्रेमी ने खुद पर भी मारा चाकू Dehradun News 

हत्या के मामले में जेल जा चुका है रिंकू 

एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि रिंकू उर्फ अजय वर्मा निवासी अमन विहार, रायपुर वर्ष 2014 में डालनवाला कोतवाली से हत्या के मामले में जेल जा चुका है। नालापानी क्षेत्र के रहने वाले नितिन कुमार की धारदार हथियार से गला रेत कर दी गई थी। इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें से एक रिंकू भी था। इसके अलावा अन्य थानों से भी रिंकू के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी मांगी गई है। 

दो साल पहले तक रहता था अशोक के साथ 

परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि रिंकू अशोक की सगी बुआ का लड़का है। पढ़ाई के दौरान गलत संगत में पड़ जाने पर अशोक ने उसकी काफी मदद की थी। वह अशोक के ही घर पर कई साल तक रहा था। मगर उसकी आदतें बिगड़ने और डालनवाला में हत्या के मामले में आरोपित बन जाने के बाद अशोक के परिवार ने उससे दूरियां बना लीं, लेकिन अक्सर रिंकू अशोक के घर आता-जाता रहता था। 

एसएसपी अरुण मोहन जोशी का कहना है कि हत्या के समय रिंकू की लोकेशन ट्रेस करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी निकलवाई जा रही है। अशोक और रिंकू की सीडीआर भी मंगाई गई है। वहीं, कामना और अशोक के रिश्तों को लेकर भी जांच की जा रही है। कुछ अहम बातें सामने आई हैं, जिसके आधार पर जांच चल रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।  

यह भी पढ़ें: दून में दंपती को मारी गोली, महिला की मौत; पति की हालत गंभीर