चकराता में भाजपा को बड़ा झटका, बॉलीवुड सिंगर जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल के समर्थकों ने दिया सामूहिक इस्तीफा
जौनसार बावर के चकराता क्षेत्र में आठ भाजपा नेताओं ने पार्टी संगठन से नाराजगी और पूर्व जिपं अध्यक्ष रामशरण नौटियाल ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
चंदराम राजगुरु, जागरण त्यूणी (देहरादून)। राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा नेताओं के सामूहिक इस्तीफे से जौनसार बावर में सियासत गरमा गई। पार्टी संगठन से नाराज होकर चकराता क्षेत्र के आठ भाजपा नेताओं ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया।
उन्होंने अपने इस्तीफे भाजपा जिलाध्यक्ष को भेजे हैं। भाजपा में बढ़ रहे असंतोष से राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदल रही है। कांग्रेस इसका सियासी लाभ उठाने की फिराक में है। जौनसार बावर के चकराता क्षेत्र में भाजपा नेताओं के सामूहिक इस्तीफे से सियासी हलचल तेज हो गई।
कुछ दिन पहले मशहूर बालीवुड सिंगर जुबिन नौटियाल के पिता पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल ने पार्टी संगठन में उपेक्षा के कारण भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया था। भाजपा छोड़ कांग्रेस में गए रामशरण ने दिल्ली में प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी शैलजा के नेतृत्व में बारह साल बाद कांग्रेस में घर वापसी की।
भाजपा छोड़ने से उनके समर्थकों ने पार्टी संगठन में असंतोष के कारण अपने पद से सामूहिक इस्तीफे भाजपा जिलाध्यक्ष को भेजे हैं। सियासी घटनाक्रम के चलते भाजपा क्वांसी मंडल के महामंत्री विपिन चौहान, भाजपा जनजाति मोर्चा कालसी मंडल के महामंत्री गजेंद्र सिंह तोमर, एसटी मोर्चा ग्रामीण के जिला मीडिया संयोजक निकेश चौहान शामिल हैं।
इनके साथ ही जिला आईटी सह संयोजक किसान मोर्चा रविंद्र सिंह नेगी, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष साहिया नरेंद्र सिंह चौहान, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष त्यूणी अर्जुन शर्मा, मंडल मंत्री साहिया सज्जू आर्य व पूर्व मंडल मंत्री कालसी सूरत सिंह समेत आठ नेताओं ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया।
भाजपा में गुटबाजी के चलते पूर्व जिपं अध्यक्ष रामशरण की उपेक्षा किए जाने से नाराज उनके समर्थकों ने सामूहिक इस्तीफे दिए हैं। इंटरनेट सोशल मीडिया में भाजपा नेताओं के सामूहिक इस्तीफे वायरल होने से कांग्रेस नेता चुटकी ले रहे हैं।
पार्टी संगठन में खुलकर सामने आई गुटबाजी एवं बढ़ते असंतोष से आने वाले चुनाव में भाजपा की राह आसान नजर नहीं आ रही। चुनाव से पहले कई नेता भाजपा छोड़ रहे हैं, जिसका सियासी लाभ उठाने को कांग्रेस फील्डिंग सजा रही है।
वहीं जिलाध्यक्ष मीता सिंह ने कहा चकराता क्षेत्र में कुछ भाजपा नेताओं ने सामूहिक इस्तीफे दिए हैं, जिस पर विचार किया जा रहा है। इस्तीफा देने वाले लोग पूर्व जिपं अध्यक्ष रामशरण नौटियाल के समर्थक हैं। इस संबंध में प्रदेश नेतृत्व को अवगत करा दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।