वीकेंड पर चकराता में उमड़े पर्यटक, टाइगर फॉल मार्ग पर लगा जाम; पार्किंग बनी चुनौती
वीकेंड पर चकराता के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार रहे, जिससे स्थानीय कारोबारियों को लाभ हुआ। मैदानी इलाकों की गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटक यहां ...और पढ़ें

चकराता टाइगर फॉल मोटर मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति. Jagran

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र,चकराता। वीकेंड पर चकराता के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार रहे। शनिवार को बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से जहां पर्यटन स्थलों पर रौनक बढ़ गई, वहीं स्थानीय कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे। पर्यटकों के उमड़ने पर चकराता टाइगर फॉल मोटर मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।
सप्ताहांत के चलते चकराता के प्रमुख पर्यटन स्थल टाइगर फॉल, देववन, मोइला टाप, चिरमिरी टॉप, चुरानी और रामताल गार्डन पर्यटकों से भरे रहे। इन स्थलों पर दिनभर सैलानियों की चहल-पहल बनी रही और लोग प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते नजर आए।
दिल्ली से आए पर्यटक गौरव गर्ग, रोहित गोयल, स्नेहा गर्ग और श्रुति अग्रवाल ने बताया कि मैदानी क्षेत्रों में इन दिनों तेज गर्मी पड़ रही है। जबकि चकराता का ठंडा मौसम, शांत वातावरण और प्रदूषणमुक्त पर्यावरण उन्हें बेहद आकर्षित कर रहा है। उनका कहना है कि अन्य पहाड़ी पर्यटन स्थलों की तुलना में चकराता अपेक्षाकृत शांत है, जिससे यहां सुकून का अनुभव होता है। पर्यटकों की बढ़ती आमद से स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों एवं टैक्सी संचालकों को भी अच्छा लाभ मिल रहा है।
पर्यटन व्यवसाय से जुड़े अमित जोशी, विक्रम पंवार, दिगंबर चौहान, विवेक अग्रवाल, पंकज जैन, अशोक कुमार गोयल, प्रताप चौहान, अमित अरोड़ा ने बताया कि वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने से व्यापार में अच्छी तेजी आई है।
टैक्सी यूनियन अध्यक्ष रणवीर राणा ने बताया कि सैलानियों की अच्छी आमद से टैक्सी कारोबार को भी खासा लाभ मिल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि हो रही है। वीकेंड पर बढ़ी पर्यटक संख्या से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को संबल मिला है और आने वाले दिनों में भी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
पार्किंग बनी बड़ी समस्या
चकराता सैलानियों की पहली पसंद बनता जा रहा है, लेकिन यहां पार्किंग की समस्या लगातार बनी हुई है। पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण पर्यटकों को मजबूरन अपने वाहन सड़कों के किनारे खड़े करने पड़ रहे हैं, जिससे जाम और अव्यवस्था की स्थिति बन रही है। जबकि लंबे समय से चकराता छावनी परिषद से पर्याप्त पार्किंग सुविधा विकसित करने की मांग की जा रही है, लेकिन परिषद गंभीर नजर नहीं आ रही है। जिस कारण सड़क ही पार्किंग में तब्दील होने से यातायात व्यवस्था चरमरा रही है।
स्थानीय व्यापार मंडल अध्यक्ष केशर सिंह चौहान, कमल रावत, दिनेश चांदना, देवेंद्र चौहान आदि ने छावनी परिषद से मांग की है कि बढ़ती पर्यटक संख्या को देखते हुए पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि पर्यटन को और बढ़ावा मिल सके।
खबरें और भी
इसके साथ ही उन्होंने चकराता कोतवाली से महिला सिपाही की तैनाती की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि कई बार महिला पर्यटकों से जुड़े विवाद सामने आते हैं, ऐसे में महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी अत्यंत आवश्यक है।
यह भी पढ़ें- देहरादून के चकराता में बारिश और ओलावृष्टि से बढ़ी ठंड, फसलों को हुआ भारी नुकसान
यह भी पढ़ें- चकराता से 20 किमी दूर इस झरने का ठंडा पानी भर देगा ताजगी, पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़