विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चारधाम यात्रा: क्यूआर कोड से जानें इतिहास, सुरक्षा-सुविधा पर विशेष जोर

Published: Fri, 27 Feb 2026 12:48 AM (GMT+05:30)

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। इस वर्ष यात्रा मार्ग पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे, जिससे यात्री स्थानों का इतिहास जान सकेंगे।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, देहरादून। चारधाम यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थानों पर इस वर्ष क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। इन्हें स्कैन करने पर यात्रियों को अपने मोबाइल पर संबंधित स्थान का पूरा इतिहास समझने में मदद मिलेगी।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को इस व्यवस्था को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, विद्युत व्यवस्था, आपदा प्रबंधन व भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा है।

मुख्य सचिव ने गुरुवार को सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुरक्षित, सुगम, गतिशील और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग समयबद्ध कार्ययोजना पर काम करें।

उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए केदारनाथ, बदरीनाथ मार्ग पर स्थित सभी चिकित्सालयों को पूर्ण रूप से क्रियाशील करने के निर्देश दिए।

ऊर्जा विभाग को निर्बाध एवं संतुलित वोल्टेज की विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। आपदा प्रबंधन विभाग और पुलिस विभाग को यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक जाम, भीड़ अथवा आकस्मिक परिस्थितियों की सूचना यात्रियों तक वाट्सएप अलर्ट के माध्यम से तत्काल पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि आकस्मिक परिस्थितियों में यात्रा स्थगित करने की स्थिति में अवधि और स्थान निर्धारण का दायित्व गढ़वाल मंडल आयुक्त के पास होगा।

उन्होंने यात्रा मार्ग पर मशीनों, उपकरणों और आवश्यक संसाधनों की अग्रिम तैनाती तथा परिसंपत्तियों की मैपिंग के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित उपयोग संभव हो सके।

उन्होंने पशुपालन विभाग को पशुधन पंजीकरण, उपचार और कैजुअल्टी प्रबंधन को स्थानीय निकायों के साथ समन्वित व्यवस्था सुनिश्चित करने काे कहा।

यात्रा संचालन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया जारी करने पर बल दिया गया।

चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के जिलाधिकारियों को स्थानीय स्तर पर विभागों एवं हितधारकों के साथ समन्वय बढ़ाकर व्यवस्था दुरुस्त करने और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यावहारिक योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, एडीजी डा वी मुरुगेशन, सचिव सचिन कुर्वे, रणबीर सिंह, डीएस गर्ब्याल, बीके संत, विनोद कुमार सुमन व अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी उपस्थित थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।