विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 06, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इस बार बढ़ सकता है चारधाम यात्रा का किराया

By BhanuEdited By:
Published: Fri, 06 Apr 2018 08:30 AM (GMT+05:30)Updated: Fri, 06 Apr 2018 09:24 PM (GMT+05:30)

इस बार चारधाम यात्रा के किराए में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। यात्रा कराने वाली कंपनियों के अनुरोध पर परिवहन विभाग की समिति जल्द ही नए किराए का निर्धारण करेगी।

इस बार बढ़ सकता है चारधाम यात्रा का किराया
इस बार बढ़ सकता है चारधाम यात्रा का किराया

देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: चारधाम यात्रा में इस बार किराए में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। चारधाम यात्रा कराने वाली कंपनियों के अनुरोध पर किराया निर्धारण समिति जल्द ही किराए की नई दरों का निर्धारण करेगी। 

यात्रियों से अधिक किराया वसूलने की शिकायतों को देखते हुए परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाई है। निर्देश दिए गए हैं कि केवल अधिकृत ट्रेवल एजेंसियों के माध्यम से ही बुकिंग स्वीकार की जाए। विभाग ने यात्रा के सुचारू संचालन के लिए यात्रा मार्ग पर 12 प्रवर्तन दल तैनात करने का निर्णय लिया है। 

पौड़ी व देहरादून संभाग के 1232 स्टेज कैरिज वाहनों में से 40 प्रतिशत को यात्रा व 60 प्रतिशत को स्थानीय सेवाओं के लिए सुरक्षित रखने का निर्णय लिया गया है। 

परिवहन मुख्यालय में सचिव परिवहन व परिवहन आयुक्त डी सेंथिल पांडियन की अध्यक्षता में चारधाम यात्रा की तैयारियों के संबंध में बैठक हुई। बैठक में मोटर यूनियनों के पदाधिकारियों ने ग्रीन कार्ड की समय सीमा दो माह से बढ़ाकर 30 जून तक करने का अनुरोध किया। 

इसके लिए आयुक्त परिवहन ने अपर परिवहन आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया। इसमें विभागीय अधिकारियों के साथ एक सदस्य संयुक्त रोटेशन यूनियन का होगा। 

समिति शीघ्र इस संबंध में निर्णय लेगी। मोटर यूनियनों ने बाहर से आने वाले वाहनों को केवल 15 दिन का परमिट देने का अनुरोध किया। अभी यह व्यवस्था दो माह की है। कहा गया कि बाहर से आने वाले वाहन अपनी यात्रा पूरी कर स्थानीय सवारी उठाते हैं, जिससे स्थानीय यूनियनों को नुकसान होता है। 

इस पर निर्णय लिया गया कि बाहर से आने वाले वाहनों की हर फेरे के दौरान मुहर लगाई जाएगी। इसकी जांच हर चेकपोस्ट पर होगी ताकि इनका अवैध संचालन न कर सके। बैठक में यात्रा के दौरान हर वर्ष की तरह भद्रकाली, डामटा, कुठालगेट, ब्रहमपुरी, सोनप्रयाग व जोशीमठ में अस्थाई चेकपोस्ट खोलने का निर्णय लिया गया। 

इनका संचालन 16 अप्रैल से शुरू हो जाएगा। यात्रा के लिए ग्रीन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया 12 अप्रैल से शुरू होगी। बैठक में रोटेशन में चलने वाले सभी वाहनों को गमन पत्र जारी करने, यात्री वाहनों में ज्वलनशील पदार्थों को रखना प्रतिबंधित करने के अलावा निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग पर कठोर कार्यवाही का निर्णय लिया गया।

बैठक में अपर परिवहन आयुक्त सुनीता सिंह, सहायक परिवहन आयुक्त एसके सिंह, आरटीओ सुधांशु गर्ग, डीसी पठोई व राजीव मेहरा के अलावा सभी जिलों के एआरटीओ व मोटर यूनियनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।  

ये रहे अहम निर्णय

-यात्रा में लगेंगी उत्तराखंड परिवहन निगम की लगेंगी 90 बसें।

-कुमाऊं मोटर ओपरेटर्स यूनियन की लगेंगी 50 बसें।

-पांच वर्ष तक की आयु वाली अच्छी सिटी बसें।

-अधिकृत ट्रेवल एजेंटों से ही ली जाएगी बुकिंग।

-12 अप्रैल से सभी आरटीओ व एआरटीओ कार्यालय से जारी होंगे ग्रीन कार्ड।

-ग्रीन कार्ड जारी करने को अपर परिवहन आयुक्त की अध्यक्षता में गठित समिति लेगी निर्णय।

-चारधाम यात्रा के लिए गठित होंगे यात्रा सेल, सार्वजनिक किए जाएंगे दूरभाष नंबर। 

-निजी वाहनों के व्यवसायिक प्रयोग पर रहेगा अंकुश।

-यात्रा मार्ग में चेकिंग को 12 अतिरिक्त अधिकारियों की होगी तैनाती।

-बाहर से आने वाले चालकों को आरटीओ व एआरटीओ कार्यालय स्तर पर कराया जाएगा रिफ्रेशर कोर्स।

यह भी पढ़ें: चारधाम यात्रा के लिए उमड़ने लगे पैदल यात्री, करा रहे पंजीकरण 

यह भी पढ़ें: बदरीश पंचायत के साथ प्रदेश के सबसे ऊंचे मंदिर में विराजेंगे भगवान नृसिंह

यह भी पढ़ें: नए घर में देवी यमुना का प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान शुरू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।