चारधाम यात्रा में 48 लाख के पार पहुंची श्रद्धालुओं की संख्या, पिछले वर्ष की तुलना में पहुंचे ज्यादा दर्शनार्थी
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा में अब तक 48 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो पिछले वर्ष से ...और पढ़ें

चारधाम यात्रा में 48 लाख के पार पहुंची श्रद्धालुओं की संख्या।
HighLights
चारधाम यात्रा में 48 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे।
यमुनोत्री धाम ने 6.68 लाख श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड बनाया।
मानसून चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था बरकरार।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। मानसून की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का उत्साह चरम पर है। यात्रा में इस वर्ष अब तक 48 लाख से अधिक यात्री चारधाम में दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्ष इसी अवधि की तुलना में 5. 22 लाख अधिक है। वहीं, यमुनोत्री धाम की यात्रा ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। पहली बार यहां श्रद्धालुओं की संख्या 6.68 लाख के पार पहुंची है।
उत्तराखंड में इस वर्ष 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा शुरू हुई थी। 21 अगस्त तक बदरीनाथ में 16. 54 लाख, केदारनाथ में 14. 65 लाख, गंगोत्री में 7.47 और यमुनोत्री में 6. 68 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। इसके अलावा हेमकुंड साहिब में 2 लाख 69 हजार 430 श्रद्धालुओं ने मत्था टेका है।
बदरीनाथ धाम में भी पिछले वर्ष के मुकाबले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यहां पिछले वर्ष की तुलना में अब तक 3.62 लाख यात्री अधिक पहुंचे हैं।
यमुनोत्री में गत वर्ष 6.44 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा 6.68 हजार पहुंच गया है और अभी यात्रा जारी है। मानसून को देखते हुए सरकार और प्रशासन यात्रा संचालन में विशेष सतर्कता बरत रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में आपदा प्रबंधन तंत्र को चौबीसों घंटे अलर्ट रखा गया है।
मौसम के मिजाज को देखते हुए तीर्थयात्रियों के लिए समय-समय पर विशेष एडवाइजरी जारी की जा रही है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था यात्रा पर भारी पड़ रही है और चारधाम यात्रा लगातार नए आंकड़े दर्ज कर रही है।
चारधाम यात्रियों की सुरक्षा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए चारों धामों और यात्रा पड़ावों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
यात्रा बिना किसी बाधा के संचालित हो रही है, लेकिन मौसम खराब होने पर यात्रा को नियंत्रित भी किया जा रहा है। यात्रा से जुड़े सभी जनपदों के डीएम भी व्यवस्थाओं पर पूरी नजर बनाए हुए हैं। पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड।
यमुनोत्री धाम में बीते पांच वर्षों में श्रद्धालुओं की संख्या
| वर्ष | संख्या |
|---|---|
| 2020 | 7,728 |
| 2021 | 33,311 |
| 2022 | 6,21,538 |
| 2023 | 5,60,918 |
| 2024 | 5,15,067 |
| 2025 | 6,44,637 |
