Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सीएचसी चकराता में औचक निरीक्षण के दौरान 16 कर्मी अनुपस्थित मिले, ब्लाक प्रमुख ने की शिकायत

    Updated: Sat, 01 Aug 2026 11:37 PM (IST)

    ब्लाक प्रमुख आशा वर्मा ने सीएचसी चकराता का औचक निरीक्षण किया, जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी समेत 16 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. ब्लाक प्रमुख आशा वर्मा ने सीएचसी चकराता का औचक निरीक्षण किया।

    2. प्रभारी चिकित्साधिकारी समेत 16 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।

    3. सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मियों पर कार्रवाई के आदेश दिए।

    जागरण संवाददाता, चकराता। ब्लाक प्रमुख आशा वर्मा ने शनिवार सुबह सीएचसी चकराता का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी समेत 16 कर्मचारी नदारद मिले। ब्लाक प्रमुख ने इस पर नाराजगी जताई और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से शिकायत कर लापरवाही के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

    आशा वर्मा ने बताया कि पिछले काफी समय से क्षेत्र के ग्रामीणों की ओर से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही थीं।

    विशेष रूप से शाम के समय आपात स्थिति में डाक्टरों और कर्मचारियों के अस्पताल में उपलब्ध न होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। निरीक्षण के दौरान ब्लाक प्रमुख ने अस्पताल में मौजूद डा. आजाद से उपस्थिति पंजिका मांगी। ब्लाक प्रमुख के उपस्थिति पंजिका देखने पर सभी हैरान रह गए।

    सुबह लगभग 11 बजे तक केवल तीन कर्मचारियों ने ही अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। इस बीच ब्लाक प्रमुख के अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही अन्य कर्मचारी आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे और जल्दबाजी में उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करने लगे।

    ब्लाक प्रमुख ने मौके से ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मनोज शर्मा से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें स्थिति से अवगत कराया। कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है, क्योंकि जिस अस्पताल पर पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था निर्भर है, वहां प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों का बिना सूचना अनुपस्थिति आम जनता के जीवन के साथ खिलवाड़ है।

    खबरें और भी

    कहा कि चकराता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहले से ही एक्स-रे टेक्नीशियन का पद लंबे समय से रिक्त है तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों का भी अभाव है। इस कारण मरीजों को समय पर उचित उपचार नहीं मिल पाता और उन्हें देहरादून या विकासनगर रेफर करना पड़ता है।

    उन्होंने कहा कि जब अस्पताल का मुखिया ही अपने दायित्वों के प्रति गंभीर नहीं है तो अन्य कर्मचारियों से अनुशासन की अपेक्षा कैसे की जा सकती है। निरीक्षण के बाद उन्होंने उपस्थिति पंजिका पर अपनी टिप्पणी दर्ज करते हुए पूरे मामले की शिकायत स्वास्थ्य सचिव उत्तराखंड से करने की बात कही।

    बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित कर्मियों पर होगी कार्रवाई

    उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मनोज शर्मा ने दूरभाष पर बातचीत के दौरान उपस्थित चिकित्सक को मामले की विस्तृत रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनका वेतन काटने के आदेश दिए।

    निरीक्षण के दौरान ब्लाक प्रमुख के साथ क्षेत्र पंचायत सदस्य रीता देवी, दीपक सुरेश तथा पूर्व प्रधान कुंदन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।