धामी सरकार ने 285 स्वास्थ्यकर्मियों को दिए नियुक्ति पत्र, उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में लौटेगी स्वास्थ्य सुविधा की उम्मीद
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 243 चिकित्साधिकारियों और 42 फार्मासिस्टों को नियुक्ति पत्र सौंपे, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को बड़ी राहत मिली ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों 243 चिकित्साधिकारियों एवं 42 फार्मासिस्ट को नियुक्ति पत्र सौंपने से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को बड़ी राहत मिलने जा रही है।
243 नए चिकित्सा अधिकारियों की तैनाती से सबसे अधिक लाभ उन दूरस्थ क्षेत्रों को मिलने की संभावना है, जहां लंबे समय से अस्पताल डाक्टर विहीन या न्यूनतम क्षमता पर चल रहे थे।
दरअसल, पिछले कई वर्षों में चिकित्सकों के पद खाली होते गए, लेकिन नई नियुक्तियां नहीं हो सकीं। इसका सबसे अधिक असर पर्वतीय जिलों में दिखा, जहां मरीजों को प्राथमिक उपचार तक के लिए कई किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा था।
कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और उप जिला अस्पताल रेफरल सेंटर बनकर रह गए। गंभीर मरीजों को देहरादून, हल्द्वानी या ऋषिकेश भेजना मजबूरी बन गया था।
पौड़ी में चिकित्सकों के 96 पद खाली हैं, टिहरी में 36 से अधिक डाक्टरों की कमी है, जबकि ऊधम सिंह नगर में 134 डाक्टरों की कमी चल रही है। अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में भी चिकित्सकों की कमी लंबे समय से चुनौती बनी हुई है।
ऐसे में नई तैनाती से जिला अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद बढ़ी है।
डाक्टरों की उपलब्धता बढ़ने से केवल इलाज ही बेहतर नहीं होगा, बल्कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने, आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने और गांवों से शहरों की ओर इलाज आधारित पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में धामी सरकार ने 307 युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य और उद्यान विभाग को मिली मजबूती
यह भी पढ़ें- धामी कैबिनेट ने 11 पर्वतीय जिलों में स्वैच्छिक-आंशिक चकबंदी प्रोत्साहन नीति को दी मंजूरी, 275 गांवों की बदलेगी सूरत