विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कांग्रेस को झटका, पृथ्वीराज सिंह भाजपा में हुए शामिल

By JagranEdited By:
Published: Sat, 10 Nov 2018 03:01 AM (IST)

निकाय चुनावों में मतदान से ऐन पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।

कांग्रेस को झटका, पृथ्वीराज सिंह भाजपा में हुए शामिल
कांग्रेस को झटका, पृथ्वीराज सिंह भाजपा में हुए शामिल

राज्य ब्यूरो, देहरादून: निकाय चुनावों में मतदान से ऐन पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह चौहान ने अपने समर्थकों संग भाजपा का दामन थाम लिया है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने पृथ्वीराज सिंह चौहान और उनके समर्थकों का भाजपा में स्वागत किया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। पृथ्वीराज सिंह चौहान ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह से प्रभावित होकर भाजपा में आए हैं।

गुरुवार को भाजपा महानगर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह चौहान, कांग्रेस व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन, पूर्व महानगर महासचिव जितेंद्र भट्ट और पूर्व महानगर उपाध्यक्ष कुलभूषण सिंह गुसाई समेत बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कुछ समय पूर्व पृथ्वीराज चौहान ने उनसे मुलाकात कर प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त करने की दिशा में सहयोग की इच्छा प्रकट की थी। निकाय चुनावों में उनके आने का लाभ भाजपा को मिलेगा।

प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि जो लोग प्रदेश में अच्छा काम कर रहे हैं उनके लिए पार्टी के द्वार हमेशा खुले हैं। अब पृथ्वीराज पार्टी के लिए जुट कर काम करेंगे।

पृथ्वीराज चौहान ने कहा कि वह प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की नीतियों से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि वह किसी के लिए नकारात्मक नहीं कहेंगे। पार्टी जो भी काम देगी उसे वह आगे बढ़ाएंगे।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धनसिंह रावत, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, भाजपा से देहरादून महापौर पद के प्रत्याशी सुनील उनियाल गामा, प्रदेश मीडिया प्रमुख देवेंद्र भसीन व सह मीडिया प्रभारी बलजीत सिंह सोनी समेत तमाम भाजपा नेता उपस्थित थे।

भाजपा में शामिल होने वालों में कंचन सिंह रांगड़, शरण जीत सिंह बत्रा, प्रवीण चौरसिया, रचित गुप्ता, शमशाद खान, गौरव रौथाण, कविंद्र बिष्ट, संदीप काला समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।

तो कांग्रेस में हो रही थी अनदेखी

पूर्व महानगर अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह के कांग्रेस छोड़ने का कारण उनकी लगातार हो रही अनदेखी माना जा रहा है। दरअसल, पृथ्वीराज सिंह ने विधानसभा चुनाव और फिर उसके बाद हालिया नगर निकाय चुनावों में महापौर पद के लिए अपना दावा पेश किया था। दोनों ही दफा पार्टी ने उनके दावे को नजरअंदाज कर दिया। माना जा रहा है कि इसी से खफा होकर पृथ्वीराज सिंह चौहान ने भाजपा का दामन थामा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।