विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में निजी संस्थान के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग; एक छात्र को लगी गोली, हड़कंप

Published: Thu, 20 Aug 2026 05:33 PM (IST)

देहरादून के पटेलनगर इंडस्ट्री एरिया में एक निजी संस्थान के बाहर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें कार सवार दबंगों ने ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। पटेलनगर में पुरानी रंजिश ने गुरुवार को दिनदहाड़े शहर की सड़क को गोलियों की गूंज से दहला दिया। छात्र गुटों में विवाद एक ही था, लेकिन फायरिंग दो जगह हुई। पहले इंडस्ट्रियल एरिया स्थित निजी विश्वविद्यालय के बाहर ताबड़तोड़ छह राउंड गोलियां चलीं, फिर इसी विवाद में कार का पीछा करते हुए युवक तीन किमी दूर सेंट ज्यूड्स चौक तक पहुंच गए।

वहां दोबारा फायरिंग हुई और इस बार साहिल नाम का युवक गोली लगने से घायल हो गया। उसे श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस ने देर शाम एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। घटना दोपहर करीब तीन बजे की है। हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार में गुरमीत सिंह समेत छह युवक निजी विश्वविद्यालय के बाहर खड़े थे।

इसी दौरान साहिल, सुजल, दक्ष, अंशुल, आदित्य और विशाल तीन बाइकों पर वहां पहुंचे। उनके हाथों में राड और डंडे थे। आरोप है कि बाइक सवार कार पर हमला करते, उससे पहले ही गुरमीत ने कार से छह राउंड फायर झोंक दिए। गोलियां चलने से वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि, पहली फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ।

पीछा जारी रहा, सेंट ज्यूड्स तक पहुंचा विवाद

फायरिंग के बाद गुरमीत और उसके साथी कार लेकर सेवलाकलां होते हुए सेंट ज्यूड्स की ओर निकल गए। बाइक सवार भी पीछे लग गए। यह पीछा उसी विवाद का अगला हिस्सा था। सेंट ज्यूड्स चौक पर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने हुए और गुरमीत व उसके साथियों ने दोबारा फायरिंग कर दी। इस बार गोली साहिल को लग गई। सड़क पर दहशत फैल गई और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

दोस्ती टूटी तो बढ़ती गई रंजिश

पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसांई के अनुसार, प्रथमदृष्टया दोनों पक्ष पहले एक-दूसरे के मित्र रहे हैं। पिछले कुछ समय से गुरमीत का आदित्य, सुजल व अंशुल से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने फायरिंग में शामिल एक युवक रोहित निवासी दलेड़ी बड़गांव (सहारनपुर उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। रोहित शुभारती कालेज से होटल मैनेजमेंट कर रहा है।

कानून-व्यवस्था पर सवाल

दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इंडस्ट्रीय एरिया और उसके बाद मेन हाईवे पर फिल्मी स्टाइल में पीछा और फायरिंग ने राजधानी दून की कानून-व्यवस्था को सवालों में खड़ा कर दिया है। वह भी ऐसे समय, जब उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन दो दिवसीय दौरे पर शहर में थे और पुलिस कड़ी चौकसी का दावा कर रही थी।