देहरादून में पति ने पत्नी को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, वारदात के बाद हुआ फरार
देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गया।
-1789973907546_m.webp)
HighLights
देहरादून के क्लेमेनटाउन में पति ने पत्नी की हत्या की।
आरोपी पति धीरज पंवार ने गोली मारकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
जागरण संवाददाता, देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह आरोपित ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित पति फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपित पति ने ही सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम में फोन कर पत्नी को गोली मारने की सूचना दी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम को धीरज पंवार नाम के व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन थाना पुलिस ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन लगातार स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने सूचना देने वाले के कॉल करने की लोकेशन का पता लगाकर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस टीम एक प्लॉट के अंदर बने कमरे तक पहुंची, जहां 26 वर्षीय काजल पत्नी धीरज पंवार मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत गोली लगने से होने की बात सामने आई। पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
कई दिनों से चल रहा था विवाद
काजल ईदगाह रोड, सुभाष नगर स्थित सत्य साईं मंदिर के पास रह रही थी। वह मूल रूप से ग्राम मेघा शकरपुर, थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी। उसके पति धीरज पंवार भी वहीं उसके साथ रहता था। महिला का भाई अभिषेक भी घटनास्थल के बगल में रहता है। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि पिछले कई दिनों से काजल और उसके पति के बीच विवाद चल रहा था।
मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपित पति की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस घटना के कारणों और हत्या में इस्तेमाल हथियार के संबंध में भी जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।