विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में बिना नंबर प्लेट वाली बाइक से आकर छिनैती, CCTV में दिखी मोबाइल और पैसे की लूट

Published: Tue, 20 Oct 2026 08:27 PM (IST)

देहरादून के विकासनगर में कुंजाग्रांट गांव में बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक व्यक्ति से मोबाइल और कवर में रखे 1800 रुपये झपट लिए।

3 बदमाश ने एक व्यक्ति का मोबाइल झपट लिया और फरार हो गए।

3 बदमाश ने एक व्यक्ति का मोबाइल झपट लिया और फरार हो गए।

HighLights

  1. विकासनगर में बाइक सवारों ने मोबाइल झपटा, 1800 रुपये भी लूटे।

  2. बदमाशों की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी, पुलिस जांच जारी।

  3. ग्रामीणों ने बिना नंबर प्लेट वाहनों पर कार्रवाई की मांग की।

जागरण संवाददाता, देहरादून। विकासनगर कोतवाली की कुल्हाल पुलिस चौकी अंतर्गत कुंजाग्रांट गांव में बाइक सवार 3 बदमाश ने एक व्यक्ति का मोबाइल झपट लिया और फरार हो गए। मोबाइल फोन के कवर में 1800 रुपये भी रखे थे। पीड़ित ने आरोपितों का पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। वारदात में इस्तेमाल मोटर साइकिल पर नंबर प्लेट नहीं थी।

आदूवाला जुडली निवासी जितेंद्र सिंह पुत्र भगत राम ने बताया कि वह 16 अक्टूबर को गांव से किसी काम के सिलसिले में जा रहे थे। दोपहर 1:21 बजे के आसपास कुंजाग्रांट में मोबाइल पर बात कर रहे थे। इस बीच एक बाइक पर सवार तीन लोग अचानक रुके। इनमें पीछे बैठे सफेद कपड़े पहने व्यक्ति ने हाथ से मोबाइल झपट लिया और तेजी से आगे बढ़ गए।

उन्होंने बाइक सवारों का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन देखते ही देखते बाइक सवार ओझल हो गए। कुल्हाल चौकी प्रभारी सूरज कंडारी ने बताया कि मोबाइल झपटमारी का मामला संज्ञान में आया है। सीसीटीवी में बाइक पर नंबर प्लेट नहीं दिखाई दे रही है।

बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि पछवादून क्षेत्र के गांवों की गलियों, बाजारों, संपर्क मार्गों और मुख्य सड़कों पर बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलें चलती दिखाई देती हैं। ऐसे में वाहनों की पहचान मुश्किल होती है। कुंजाग्रांट की घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर चालान करने की मांग की है।

उनका कहना है कि ऐसे वाहनों पर सवार लोग अपराध के बाद आसानी से फरार हो सकते हैं और उनकी पहचान में परेशानी आती है। ग्रामीण ब्रजेश कश्यप, रमेश कुमार सैनी, मोहम्मद आरिफ, मुकेश कुमार, बंटी कश्यप, ईश कुमार और भोपाल चौधरी ने पुलिस और परिवहन विभाग से क्षेत्रभर में सघन चेकिंग अभियान चलाने की मांग की। उन्होंने गांवों की गलियों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर ऐसे वाहनों की जांच तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की मांग की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।