देहरादून में आउटसोर्स कर्मचारियों का रातभर हंगामा, पुलिस को चकमा देकर जारी रखा आंदोलन
देहरादून में समान काम-समान वेतन और नियमितीकरण की मांग को लेकर आउटसोर्स कर्मचारियों का आंदोलन मंगलवार को शुरू होकर देर रात तक जारी रहा।

HighLights
आउटसोर्स कर्मचारियों का समान काम-समान वेतन को लेकर आंदोलन।
पुलिस हिरासत के बाद भी कर्मचारी परेड ग्राउंड वापस पहुंचे।
लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान।
जागरण संवाददाता, देहरादून। समान काम के लिए समान वेतन, उपनल की तर्ज पर नियमितीकरण और आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त करने की मांग को लेकर मंगलवार को शुरू हुआ आउटसोर्स कर्मचारियों का आंदोलन देर रात तक जारी रहा।
दिनभर परेड ग्राउंड के बाहर धरने के बाद शाम करीब 7:30 बजे पुलिस ने कर्मचारियों को हिरासत में लेकर एकता विहार पहुंचाया। यहां भी प्रदर्शन और नारेबाजी जारी रही। करीब एक घंटे बाद कर्मचारी पैदल रैली लेकर घंटाघर की ओर निकल पड़े। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ।
एकता विहार से निकली रैली को डालनवाला थाने के पास पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारी दोबारा परेड ग्राउंड पहुंच गए और देर रात फिर धरने पर बैठ गए। हिरासत में लिए जाने और रैली रोकने के प्रयास के बावजूद कर्मचारियों के वापस परेड ग्राउंड पहुंचने से आंदोलन देर रात तक जारी रहा।
सुबह प्रदेशभर से कर्मचारी परेड ग्राउंड के बाहर जुटे और अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। दोपहर बाद मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में दलवीर दानू ने धरना स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों से बातचीत की और आंदोलन समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से लिखित और ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही आंदोलन समाप्त करने पर विचार किया जाएगा। शाम को पुलिस ने कर्मचारियों को परेड ग्राउंड से हिरासत में लेकर एकता विहार पहुंचाया। वहां कुछ देर बाद कर्मचारियों ने पैदल रैली शुरू कर दी।
डालनवाला थाने के पास पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन कर्मचारी वापस परेड ग्राउंड पहुंच गए। यहां उन्होंने दोबारा धरना शुरू कर दिया। देर रात तक कर्मचारी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए धरने पर डटे रहे।
