Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देहरादून पुलिस ने 11 चोरी की बाइक के साथ आरोपी को दबोचा, महंगे शौक पूरे करने के लिए बना था चोर

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 06:15 AM (IST)

    देहरादून में महंगे शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी करने वाले राकेश डबराल को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    HighLights

    1. राकेश डबराल नामक वाहन चोर देहरादून में गिरफ्तार किया गया।

    2. पुलिस ने आरोपी से 11 दुपहिया वाहन बरामद किए।

    3. महंगे शौक पूरे करने के लिए करता था वाहन चोरी।

    जागरण संवाददाता, देहरादून। महंगे शौक पूरे करने के लिए युवक ने वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। एक के बाद एक उसने 11 वाहनों को चोरी कर जंगल में छिपा लिया। आरोपित चोरी के वाहनों को बेचने के फिराक में था, इससे पूर्व ही रायपुर थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

    पूछताछ में पुलिस ने आरोपित से 11 वाहन बरामद कर लिए हैं। पुलिस आरोपित की काल डिटेल खंगाल रही है। एसपी देहात जया बलोनी ने बताया कि 31 जुलाई को अजय कुमार निवासी सुंदरवाला रायपुर व अनिल कुमार निवासी रायपुर देहरादून ने थाना रायपुर में वाहन चोरी संबंधी लिखित शिकायत दी थी। इस मामले में रायपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर वाहन चोर की तलाश शुरू कर दी।

    उन्होंने बताया कि थानाध्यक्ष संजीत कुमार की देखरेख में गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर उसके आसपास आने जाने वाले मार्गों पर लगे 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

    सीसीटीवी फुटेज की जांच से पुलिस को घटना में शामिल एक संदिग्ध व्यक्ति की फुटेज मिली। शनिवार को पुलिस ने महाराणा प्रताप चौक से आगे पेट्रोल पंप के पास से घटना में शामिल आरोपित राकेश डबराल (उम्र 22 वर्ष) निवासी देवतम पट्टी सितोंस्यू पौड़ी गढ़वाल वर्तमान निवासी गुलाब बाग कनखल हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।

    पूछताछ में आरोपित ने अन्य स्थानों से भी वाहन चोरी की घटनाओं का अंजाम देना कबूल किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने जंगल में सुनसान स्थान पर छिपाए अन्य 10 दुपहिया वाहनों सहित कुल 11 वाहन बरामद किए।

    पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल का रहने वाला है और वर्तमान में कनखल हरिद्वार में रहता है। महंगे शौक पूरे करने के लिए उसने वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया।

    वह घटना से पूर्व सुनियोजित तरीके से रैकी कर सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों को चिन्हित करता है। इसके बाद मौका देखकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। घटना के बाद पुलिस से बचने के लिए वह चोरी के वाहनों को जंगल में सुनसान स्थानों पर छिपाकर वापस हरिद्वार चला जाता है।

    खबरें और भी

    फास्ट फूड बेचकर नहीं हुई आमदनी तो किए वाहन चोरी

    थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि आरोपित राकेश डबराल की हरिद्वार में फास्ट फूड की रेहड़ी है। शौक पूरे करने के लिए वहां आमदनी उतनी नहीं होती थी, ऐसे में उसने एक ही झटके में पैसे कमाने की योजना बनाई।

    वह हरिद्वार से बस से देहरादून आता था और वाहन चोरी करने के बाद उसे जंगल में छिपाने के बाद फिर हरिद्वार चला जाता था। पुलिस अब उसे भी ढूंढ रही है, जिसे वह वाहन बेचने जा रहा था।

    यह भी पढ़ें- देहरादून: रायवाला में कांवड़ियों को टक्कर मारने के बाद शव गंगनहर में फेंका, दो आरोपित गिरफ्तार