'दोबारा एयरपोर्ट पर मत दिखना...', दिल्ली तक पहुंचा उत्तराखंड और हरियाणा विवाद
उत्तराखंड के एक टैक्सी चालक को दिल्ली एयरपोर्ट पर हरियाणा के ड्राइवरों द्वारा सवारी लेने से रोकने का वीडियो वायरल हुआ है। ...और पढ़ें

दिल्ली एयरपोर्ट पर उत्तराखंड के टैक्सी चालक को कुछ ड्राइवरों द्वारा सवारी लेने से रोकने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। दिल्ली एयरपोर्ट पर उत्तराखंड के एक टैक्सी चालक को हरियाणा के कुछ ड्राइवरों द्वारा सवारी लेने से रोकने का मामला सामने आया है।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसके बाद उत्तराखंड और हरियाणा के टैक्सी चालकों के बीच बढ़ती तनातनी को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।
प्रसारित वीडियो में दिख रहा है कि उत्तराखंड नंबर की टैक्सी लेकर पहुंचे चालक को एयरपोर्ट परिसर में कुछ लोगों ने घेर लिया और वहां से वापस जाने के लिए कहा।
वीडियो में दोबारा एयरपोर्ट पर मत आना चेतावनी दिए जाने का भी आरोप है। इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर प्रसारित हो रहे अलग-अलग वीडियो और पोस्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि दिल्ली एयरपोर्ट की टैक्सी पार्किंग और सवारी न उठाने को लेकर बाहरी राज्यों के चालकों पर दबाव बनाया जा रहा है।
हालांकि इस पूरे मामले में अभी तक किसी आधिकारिक एजेंसी या पुलिस में शिकायत नहीं की है। घटना के बाद इंटरनेट मीडिया पर प्रतिक्रिया की बाढ़ आ गई है।
कई लोग इसे टैक्सी कारोबार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और क्षेत्रीय तनाव से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स ने इसे कानून-व्यवस्था और खुले परिवहन अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया है।
बताया जा रहा है कि वीडियो दिल्ली एयरपोर्ट के टैक्सी पिकअप क्षेत्र का है, जहां उत्तराखंड के चालक को कथित तौर पर सवारी लेने से रोका गया। दरअसल, पिछले दिनों चारधाम यात्रा के दौरान हरियाणा के टैक्सी चालक और कुछ पर्यटकों के साथ उत्तराखंड में मारपीट की घटनाएं हुई हैं।
खासतौर पर बीते हफ्ते ऋषिकेश में भीड़ द्वारा मारपीट का मामला तूल पकड़े हुए है। हालांकि, इनमें से कुछ घटनाओं में हरियाणा के पर्यटकों की गलती उजागर हुई है। दिल्ली एयरपोर्ट का विवाद इसी की प्रतिक्रिया माना जा रहा है।