विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 06, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्तराखंड में डेंगू हुआ विकराल, 31 और मरीजों में हुई पुष्टि

By Edited By:
Updated: Wed, 07 Aug 2019 08:08 PM (IST)

डेंगू अब विकराल होता जा रहा है। ताजा मामले में राज्य में 31 और मरीजों में डेगू की पुष्टि हुई। प्रदेश में अब तक डेगू पीड़ितों की संख्या बढ़कर 212 हो गई है। इनमें 203 मरीज दून के हैं।

उत्तराखंड में डेंगू हुआ विकराल, 31 और मरीजों में हुई पुष्टि
उत्तराखंड में डेंगू हुआ विकराल, 31 और मरीजों में हुई पुष्टि

देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड में डेंगू अब विकराल होता जा रहा है। आए दिन इस बीमारी के कई मरीज सामने आ रहे हैं। ताजा मामले में राज्य में 31 और मरीजों में डेगू की पुष्टि हुई है। इनमें 30 मरीज देहरादून के हैं, जबकि एक मरीज टिहरी जनपद से है। 

चिंता की बात यह है कि अब तक दून के रायपुर व आसपास के क्षेत्र में ही ज्यादा कहर बरपाने वाले एडीज मच्छर की पहुंच अन्य क्षेत्रों में भी हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिन मरीजों में डेगू की पुष्टि हुई है उनमें रायपुर के अलावा लाडपुर, करनपुर, शांति विहार, नेहरू ग्राम, भंडारीबाग, पटेलनगर, अधोईवाला, आमवाला, मानसिंहवाला, सर्वे चौक, नालापानी, तपोवन, डीएल रोड, अजबपुर व प्रेमनगर के भी मरीज शामिल हैं। 

कहीं पर तीन तो कहीं एक या दो मरीजों में डेगू की पुष्टि हुई है। एक ही दिन शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से इतनी अधिक संख्या में डेंगू के मरीज सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। विभाग के उच्चाधिकारियों ने भी डेंगू की रोकथाम व बचाव के लिए धरातल पर और पुख्ता तैयारियां करने के निर्देश अधीनस्थों को दिए हैं। 

कुल मिलाकर स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम के अधिकारी जागरूकता का दावा करते नहीं थक रहे हैं। वहीं, डेगू की बीमारी फैलाने वाले मच्छर की सक्रियता भी लगातार बढ़ती जा रही है। जुलाई की अपेक्षा अगस्त में डेगू का मच्छर ज्यादा लोगों पर डंक मार रहा है। 

प्रदेश में अब तक डेगू पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़कर 212 हो गई है। इनमें 203 मरीज देहरादून जनपद से हैं। अन्य जनपदों में अब तक नौ मरीजों में डेगू की पुष्टि हो चुकी है। जिला वैक्टर जनित रोग निवारण अधिकारी सुभाष जोशी ने बताया कि जिन मरीजों में डेगू की पुष्टि हुई है उनमें 17 पुरुष व 14 महिलाएं शामिल हैं। अधिकांश मरीज उपचार के लिए ओपीडी में पहुंचे हुए थे।

बताया कि नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित क्षेत्रों में निरोधात्मक कार्रवाई की गई। लोगों को डेंगू की बीमारी की रोकथाम व बचाव के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने व खाली बर्तनों में पानी एकत्र नहीं होने देने की अपील की गई है। छात्र-छात्राओं को भी पंपलेट वितरित कर बीमारी के लक्षणों व बचाव की जानकारी दी गई।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में नहीं थम रहा डेंगू का कहर, 23 और मरीजों में हुई पुष्टि

यह भी पढ़ें: डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग का जागरूकता पर फोकस Dehradun News

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में गहराता जा रहा डेंगू का डंक, नोडल अधिकारी भी चपेट में आए

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप