Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पीडिया वार्ड में लगी आग, स्टाफ की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 06:13 AM (IST)

    दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बच्चों के वार्ड में एग्जॉस्ट फैन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। स्टाफ की सूझबूझ से 24 बच्चों को सुरक्षित निकालकर बड़ा हादसा ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    HighLights

    1. पीडियाट्रिक वार्ड के एग्जॉस्ट फैन में शॉर्ट सर्किट से आग।

    2. 24 बच्चों को सुरक्षित निकालकर बड़ा हादसा टला।

    3. नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों की सूझबूझ से बच्चों का बचाव।

    जागरण संवाददाता, देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की आयुष्मान विंग के पीडियाट्रिक (बच्चों) वार्ड में बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे एग्जॉस्ट फैन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। उस समय वार्ड में 24 बच्चे भर्ती थे।

    कुछ ही मिनटों में वार्ड धुएं से भर गया और बच्चों व उनके तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई। नर्सिंग स्टाफ और वार्ड के कर्मचारियों की सूझबूझ से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग भी शुरुआती स्तर पर ही बुझा दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

    धुआं उठते ही हरकत में आया स्टाफ

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एग्जॉस्ट फैन से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। धुआं पूरे वार्ड में फैलने लगा, जिससे बच्चों और उनके साथ मौजूद तीमारदारों को परेशानी होने लगी। ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग अधिकारी साक्षी और हिमानी ने तुरंत स्थिति संभाली। वार्ड ब्वॉय सत्येंद्र ने अन्य नर्सिंग अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी। इसके बाद पूरे स्टाफ ने बिना देरी सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया।

    24 बच्चों को डेंगू वार्ड में किया शिफ्ट

    धुएं के कारण वार्ड में रुकना सुरक्षित नहीं था। ऐसे में सभी 24 बच्चों को तत्काल नीचे स्थित डेंगू वार्ड में शिफ्ट किया गया। वहां चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की निगरानी में बच्चों का उपचार जारी है। आग पूरी तरह बुझने और धुआं साफ होने के बाद देर रात सभी बच्चों को वापस पीडियाट्रिक वार्ड में भेज दिया गया।

    अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल

    घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन आला अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। इसे लेकर अस्पताल की आपात व्यवस्था और समन्वय पर सवाल उठने लगे हैं।यह पहला मौका नहीं है। हाल ही में अस्पताल के महिला शौचालय में वीडियो बनाने की घटना के दौरान भी समय पर अधिकारियों तक सूचना नहीं पहुंचने की बात सामने आई थी।

    खबरें और भी

    तत्काल कार्रवाई से टला बड़ा हादसा

    दून अस्पताल चौकी प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि पीडियाट्रिक वार्ड के एग्जॉस्ट फैन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी थी। धुआं उठते ही अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल सभी मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पा लिया।

    कुछ ही देर में स्थिति सामान्य हो गई और सभी बच्चों को दोबारा उसी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। घटना में किसी बच्चे, तीमारदार या कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

    यह भी पढ़ें- देहरादून में कोतवाली के पास सूदखोर की गला रेतकर हत्या, पैसों के लेनदेन में वारदात