देहरादून में 3 घंटे की आफत: 45 मिमी मूसलधार बारिश से 'तालाब' बना शहर, घरों में घुसा पानी
देहरादून में मंगलवार रात हुई 45 मिमी मूसलधार बारिश से शहर जलमग्न हो गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई। प्रमुख सड़कें तालाब में बदल गईं और नि ...और पढ़ें

देहरादून में भारी बारिश के चलते रायपुर के वार्ड 62 के ईश्वर विहार में पानी में बही कार।
HighLights
देहरादून में मंगलवार रात 45 मिमी मूसलधार बारिश से शहर जलमग्न
प्रमुख सड़कें तालाब में बदलीं, निचले इलाकों में घरों में पानी
खराब जल निकासी व्यवस्था उजागर, रिस्पना-बिंदाल नदियों का जलस्तर बढ़ा
जागरण संवाददाता, देहरादून। राजधानी देहरादून में मंगलवार रात हुई झमाझम बारिश ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी।
रात करीब पौने आठ बजे शुरू हुई तेज बारिश देर रात तक जारी है। करीब तीन घंटे में लगभग 45 मिमी वर्षा दर्ज होने से शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए।
प्रमुख सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं और कई इलाकों में लोगों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ा।
दिनभर आंशिक बादल छाए रहने के बाद दोपहर में तेज बारिश हुई और शाम को कुछ देर के लिए धूप निकलने से लोगों ने राहत महसूस की।
लेकिन, रात होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और मूसलधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी।
बारिश के कारण शहर के प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर भारी जलभराव हो गया। नालियां ओवरफ्लो होने लगीं, जिससे पानी सड़कों पर फैल गया।
कई निचले इलाकों और रिहायशी बस्तियों में पानी घरों के भीतर तक पहुंच गया। वाहन चालकों को जलभराव के बीच आवाजाही करनी पड़ी, जबकि कई दोपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए। लंबे समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
लगातार बारिश से रिस्पना, बिंदाल सहित अन्य नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई।