यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 11, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
साइबर ठगों ने कारोबारी के खाते से उड़ाए 12 लाख 89 हजार
साइबर ठगों ने एक कारोबारी के खाते से 12 लाख 89 हजार रुपये किसी और खाते में ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

देहरादून, जेएनएन। दून के एक कारोबारी से साइबर ठगों ने 12 लाख 89 हजार रुपये की रकम हड़प ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले में साइबर पुलिस स्टेशन ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर पुलिस स्टेशन को दी गई तहरीर में अजय यादव निवासी वर्ल्ड ट्रेड टावर ने बताया है कि वह बीयरटेल्स पावरविंड प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता हैं। कंपनी का इंडसइंड बैंक में खाता है। बीती पांच अप्रैल को इस खाते से 12.89 लाख रुपये की रकम किसी और खाते में स्थानांतरित कर दी गई। मामले में साइबर पुलिस स्टेशन ने अज्ञात ठगों के खिलाफ आइटी एक्ट व धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फौजी के खाते से 50 हजार की ठगी
कैंट कोतवाली क्षेत्र में फौजी से पचास हजार रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। कैंट पुलिस के अनुसार रविशंकर पांडे निवासी कौलागढ़ फौज में हैं। उन्होंने बुधवार को तहरीर देकर बताया कि उनके पंजाब नेशनल बैंक के राजेंद्रनगर शाखा के खाते से पचास हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। जबकि उन्होंने अकाउंट से जुड़ी कोई जानकारी किसी को नहीं बताई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मारपीट का आरोप
पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। अनुरंजना पाराशर निवासी जीएमएस रोड का आरोप है कि उनका मकान मालिक दर्पण मिनोच आए दिन उनके और उनके बेटे के साथ मारपीट करता रहता है। बीते मंगलवार को दर्पण नशे की हालत में पहुंचा और बेटे से मारपीट करने लगा। जिससे उनके सिर में दस टांके आए और बेटे को काफी चोट आई। पटेलनगर पुलिस ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

