विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारी बारिश से हसनपुर कल्याणपुर में दो मकान गिरे, बेघर हुए परिवारों को नहीं मिली मदद

Published: Sat, 01 Aug 2026 11:39 PM (IST)

देहरादून के हसनपुर कल्याणपुर में भारी बारिश के कारण दो कच्चे मकान ढह गए, जिससे इमरान और वहीदन के परिवार बेघर हो गए।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, सेलाकुई। ग्राम पंचायत हसनपुर कल्याणपुर में मूसलधार बारिश के दौरान भारी नुकसान हुआ। इस बीच गांव में दो कच्चे मकान ढह गए। पीड़ित परिवारों के सामने अब गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों की उदासीनता के चलते अब तक किसी प्रकार की सहायता नहीं मिली है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मोहम्मद आरिफ ने बताया कि हसनपुर शेरपुर के वार्ड नंबर छह निवासी इमरान और वहीदन के घरों को भारी नुकसान हुआ है।

एक मकान की दीवारें पूरी तरह गिर गईं, जबकि दूसरा कच्चा मकान मलबे में तब्दील हो गया। इससे घर के अंदर रखी खाद्य सामग्री, अनाज, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गए।

आरिफ ने कहा कि घटना के तुरंत बाद ही संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन को फोन के माध्यम से सूचना दी गई। लेकिन विडंबना यह रही कि मौके पर निरीक्षण के लिए कोई अधिकारी नहीं पहुंचा है।

पीड़ित परिवार बेहद दयनीय स्थिति में हैं। सिर से छत छिन जाने के कारण परिवार के सदस्यों को मजबूरन पड़ोसियों के यहां शरण लेनी पड़ी है।

लगातार हो रही बारिश के बीच पीड़ितों के सामने दो वक्त की रोटी और सुरक्षित रहने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। इस बीच प्रशासन और संबंधित विभागों की संवेदनहीनता को लेकर ग्रामीणों में रोष है।

ग्रामीणों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के समय भी यदि जिम्मेदार अधिकारी सुध नहीं लेंगे, तो गरीबों की मदद कौन करेगा।

क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि मोहम्मद आरिफ एवं स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और उपजिलाधिकारी से मांग की है कि तत्काल राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर हुए नुकसान का आकलन कराया जाए।

हसनपुर में हादसे को दावत दे रहे बिजली के तार

ग्राम हसनपुर के वार्ड नंबर नौ में बिजली के खंभों पर लटकते तार ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बन गए हैं। यह खंभा एक घर के बीच स्थित है, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। बरसात के मौसम में यह खतरा और बढ़ जाता है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहम्मद आरिफ ने इस मामले को लेकर लगातार आवाज उठाई है, लेकिन बिजली विभाग ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश में करंट फैलने का डर रहता है, जिससे बच्चे या जानवर इसकी चपेट में आ सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस खंभे को जल्द किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। तस्लीम, इमरान, मुस्तकीम, इनाम, जुलफान आदि ने पोल हटाने की मांग की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।