Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देहरादून : बर्फबारी से सैंज गांव में डेढ़ हजार की आबादी प्रभावित, मार्ग बंद होने से हफ्तेभर से आवागमन ठप

    Updated: Thu, 29 Jan 2026 11:57 PM (IST)

    जौनसार बावर के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण खरोड़ा-कुनैन-सैंज मार्ग एक हफ्ते से बंद है। इससे सैंज, कुताड, गजराड समेत करीब डेढ़ हजार ग्रामीण घ ...और पढ़ें

    देवघार खत के मुंधोल गांव में पड़ी बर्फबारी का मनमोहक एवं सुंदर नजारा। साभार ग्रामीण

    देवघार खत के मुंधोल गांव में पड़ी बर्फबारी का मनमोहक एवं सुंदर नजारा। साभार ग्रामीण

    HighLights

    1. जौनसार बावर में बर्फबारी से खरोड़ा-कुनैन-सैंज मार्ग बंद।

    2. सैंज गांव के 1500 लोग एक हफ्ते से घरों में कैद।

    3. घरेलू सामान, रसद आपूर्ति में भारी परेशानी, 6 किमी पैदल।

    चंदराम राजगुरु, जागरण त्यूणी। जौनसार बावर के ऊंचे इलाकों में दो बार सीजन की बर्फबारी से मौसम खुशनुमा हो गया। पीएमजीएसवाई से बने खरोड़ा-कुनैन-सैंज मार्ग पर बर्फ की मोटी परत जमने से यातायात बाधित है।

    संपर्क मार्ग बंद होने से सैंज-कुताड की करीब डेढ़ हजार आबादी गांव में कैद हो गई। बर्फबारी के कारण मार्ग बंद होने से यहां हफ्तेभर से आवागमन ठप है।

    गांव में कैद हुए स्थानीय लोगों को घरेलू सामान एवं रसद आपूर्ति की बड़ी समस्या आ रही है। बर्फबारी से प्रभावित लोगों को छह किमी की पैदल दूरी नापनी पड़ रही है।

    चकराता ब्लाक से जुड़े सुदूरवर्ती सैंज, कुताड, गजराड व आसपास के गांव में करीब डेढ़ हजार की आबादी बर्फबारी के कारण संपर्क मार्ग बंद होने से घरों में कैद हो गई।

    सैंज निवासी कृपाल सिंह राणा व स्याणा नरेन्द्र सिंह राणा आदि ने कहा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) से बने खरोड़ा-कुनैन-सैंज मार्ग 23 जनवरी से बंद है।

    छह किमी लंबे संपर्क मार्ग से पहाड़ के सीमांत इलाके में बसे कई ग्रामीण परिवार यातायात सुविधा से जुड़े हैं। मार्ग पर बर्फ की मोटी परत जमने से कई जगह सड़क दिखाई नहीं पड़ रही।

    बर्फबारी के कारण मार्ग बंद होने से यातायात संचालन हफ्ते भर से ठप है, जिससे लोगों को आवागमन में बड़ी परेशानी हो रही है। प्रभावित ग्रामीणों के सामने बाजार से घरेलू सामान लाने व रसद आपूर्ति की समस्या है।

    ग्रामीणों ने कहा विभाग ने बर्फबारी से बंद मार्ग खोलने को कोई प्रयास नहीं किए। मुसीबत झेल रहे ग्रामीणों को घर से खरोड़ा तक आने जाने को 12 किमी की लंबी दूरी नापनी पड़ रही है।

    बर्फीले मार्ग के बीच लोग पैदल चलने को मजबूर हैं। ऐसे में ग्रामीणों के सामने किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने पर मरीज को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की बड़ी चुनौती है।

    प्रभावित लोगों ने जिला प्रशासन व विभाग से बंद पड़े मार्ग को जल्द खोलने का अनुरोध किया है।

    वहीं पीएमजीएसवाई निर्माण खंड कालसी के सहायक अभियंता नरेन्द्र सिंह रावत ने कहा शुक्रवार को बर्फबारी से बंद संपर्क मार्ग को खोलने के लिए जेसीबी लगाई जाएगी।

    यह भी पढ़ें- Snowfall in Uttarakhand: बागेश्वर में बारिश और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी जारी, पूरे उत्तराखंड में शीतल लहर का प्रकोप

    यह भी पढ़ें- Snowfall In Uttarakhand: ऊंची चोटियों पर भारी बर्फबारी, मैदानी इलाकों में हो रही है हल्की बारिश