विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 03, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

घटनास्थल पर खून न मिलना कर रहा हत्या की ओर इशारा, पु‍लिस कर रही जांच

By Sunil NegiEdited By:
Updated: Fri, 03 Jan 2020 09:07 AM (IST)

साइबर कैफे संचालक की मौत मामले में परिजनों ने भी हॉस्टल के छात्रों पर हत्या का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने घटना को हादसा बता रही पुलिस पर भी कई सवाल दागे।

घटनास्थल पर खून न मिलना कर रहा हत्या की ओर इशारा, पु‍लिस कर रही जांच
घटनास्थल पर खून न मिलना कर रहा हत्या की ओर इशारा, पु‍लिस कर रही जांच

देहरादून, जेएनएन। साइबर कैफे संचालक की मौत मामले में परिजनों ने भी हॉस्टल के छात्रों पर हत्या का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने घटना को हादसा बता रही पुलिस पर भी कई सवाल दागे। परिजनों का कहना है कि कपिल के पेट में गहरा जख्म था। इसके बावजूद घटनास्थल पर खून की एक भी बूंद न होना साफ तौर पर हत्या की ओर इशारा कर रहा है। उन्होंने हॉस्टल के छात्रों के खिलाफ जल्द पुलिस को शिकायत देने की बात भी कही है।

डीबीएस पीजी कॉलेज के सामने स्थित हॉस्टल के बाहर साइबर कैफे संचालक कपिल देव का शव मिला था। शव लोहे की रेलिंग के नीचे दबा हुआ था। इस मामले में पुलिस का कहना है कि हॉस्टल के बगल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाने पर पता चला कि युवक भोर में करीब पौने चार बजे हॉस्टल की छत पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान रेलिंग उखड़ गई और वह रेलिंग समेत नीचे गिर गया। डीआइजी अरुण मोहन जोशी भी मौके पर पहुंचे थे। सीसीटीवी फुटेज और हॉस्टल के छात्रों से पूछताछ के बाद उन्होंने कहा था कि प्रथमदृष्टया दुर्घटनावश मौत होने की बात सामने आई है।

यह भी पढ़ें: संदिग्ध परिस्थितियों में साइबर कैफे संचालक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप Dehradun News

इस पर सवाल खड़ा करते हुए गुरुवार को मृतक की बहन प्रतिभा ने कहा कि कपिल के पेट में गहरा जख्म था। लेकिन, शव मिलने के स्थान पर खून की एक भी बूंद नहीं थी। अगर कपिल के पेट में जख्म रेलिंग का कोई नुकीला हिस्सा घुसने से हुआ था तो उसके कपड़े भी फटने चाहिए थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके अलावा घटना से पहले कैमरे भी बंद थे। यह सभी तथ्य हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं।

वहीं, डालनवाला कोतवाली के कोतवाल मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

यह भी पढ़ें: पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पुलिस मान रही आत्महत्या Dehradun News