विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रंग-विरंगे गुब्बारे... झालर और लाइटों से सजाया धाम, कृष्ण जन्म हुआ तो आधी रात को झूम उठा बदरीनाथ

Published: Sat, 05 Sep 2026 09:59 AM (IST)

उत्तराखंड के बदरीनाथ और देहरादून में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में विशेष सजावट, झांकियां, भजन-कीर्तन और ...और पढ़ें

HighLights

  1. बदरीनाथ और देहरादून में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

  2. मंदिरों को सजाया, आधी रात कान्हा के जन्म पर झूमे भक्त

  3. झांकियां, मटकी फोड़, गीता पाठ प्रतियोगिताएं रहीं आकर्षण का केंद्र

जन्माष्टमी पैकेज,,, जन्मे हैं कृष्ण कन्हाई, गोकुल में बाजे बधाई... आधी रात झूम उठी द्रोणनगरी
- जन्माष्टमी पर शंख-ढोल नगाड़ों से गूंजे मंदिर, कृष्ण जन्म की खुशी में बही भक्ति की बयार
- बधाई गीत व आतिशबाजी से गूंजी राजधानी, झांकियों और कान्हा बने बच्चों ने मोहा मन

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम में कृष्ण जन्म धूमधाम से मनाया गया। भक्त कृष्ण भक्ति में डूबे रहे। मंदिर को रंग-विरेंगे गुब्बारे, झालरों और लाइट से सजाया गया था। आधी रात को कान्हा का जन्म होते ही भक्त झूम उठे। पूरे प्रदेश में कान्हा के जन्म को लेकर आम से खास तक हर कोई लालायित रहा। शंख, ढोल-नगाड़ों के साथ आरती की तैयारी और भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण की प्रतीक्षा में हर किसी की नजर घड़ी की सुइयों पर टिकी थीं।

जयकारों से द्रोणनगरी गूंज उठी

12 बजते ही श्रीकृष्ण के जन्म का संदेश मिला और हर तरफ खुशियां छा गईं। जन्मे हैं कृष्ण कन्हाई, गोकुल में बाजे बधाई... और जय कन्हैया लाल की... के जयकारों से द्रोणनगरी देहरादून गूंज उठी।

मंदिरों में झांकियां, श्रीकृष्ण की जीवन लीलाओं का मंचन और मटकी फोड़ आकर्षण का केंद्र रहे। बाल कलाकारों ने श्रीकृष्ण-राधा बनकर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। घरों और मंदिरों में लड्डू गोपाल का अभिषेक कर पालने में विराजमान कराया गया। माखन-मिश्री व पंचामृत का भोग लगाया गया। इस दौरान नेपाल त्रासदी के मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शनिवार को नंदोत्सव मनाया जाएगा।

द आर्ट आफ लिविंग की ओर से तुषात फंक्शन सेंटर में गुरु पूजा, सत्संग व ध्यान में दिवाकर व अन्य भजन गायकों ने प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। मीडिया समन्वयक नंदिता सिंह, नितिन जैन ने विचार रखे। वहीं, पटेलनगर स्थित श्री श्याम सुंदर मंदिर में आचार्य मधुर कृष्ण के सानिध्य में जन्माष्टमी मनाई। बच्चे श्री कृष्ण के बाल रूप में सज धजकर पहुंचे। 12 बजते ही भव्य आतिशबाजी एवं भजनों पर नृत्य करते हुए श्री कृष्ण जन्म की खुशी मनाई। टपकेश्वर डमरू दल ने प्रस्तुति दी।

यह भी पढ़ें- Janmashtami 2026: माखन मिश्री नहीं, यूपी के इस मंदिर में श्रीकृष्ण को चढ़ता है मिट्टी के पेड़े का अनोखा प्रसाद

डीएल रोड स्थित श्री चैतन्य गौड़ीय मठ में हरिनाम संकीर्तन की गूंज रही। मठ रक्षक त्यागी महाराज ने सभी को बधाई दी। सहारनपुर चौक स्थित श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में भगवान शिव-पार्वती की त्रिशूल पर विराजमान हवा में झांकी, चंद्रमा पर झूला झूलते राधा-कृष्ण, कृष्ण की बांसुरी पर हवा में विराजमान राधा ने सभी को आकर्षित किया। कायस्थ सेवा दल ने कान्हा बनकर आए बच्चों को पुरस्कृत किया। जुनून डांस एकेडमी के बच्चों ने प्रस्तुति दी। शनिवार को मथुरा वृंदावन के 51 कलाकारों की प्रस्तुति, लठमार होली, मयूर नृत्य और मटकी फोड़ खास रहेगा।

1008 प्रकार के भोग और फूल बंगला रहा खास

इस्कान देहरादून की ओर से मोथरोवाला स्थित मंदिर में दिनभर हरिनाम संकीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और श्रीकृष्ण लीलाओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने पहुंचकर दर्शन किए। श्री राधा बांके बिहारी के फूल बंगला दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। रात में भगवान को 1008 प्रकार के भोग अर्पित किए गए। मंदिर अध्यक्ष परम करुणा माधव दास ने कहा कि जन्मोत्सव प्रेम, सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देता है।

गीता पाठ में गूंजी संस्कृत श्लोकों की स्वहर लहरियां

श्री सत्य साई सेवा समिति की ओर से डीएल रोड साई ज्योति सेवा केंद्र में जन्माष्टमी पर अंतरविद्यालयी श्रीमद्भगवत गीता पाठ प्रतियोगिता में 11 स्कूलों के 44 प्रतिभागियों ने श्लोक वाचन में उत्साह दिखाया। ओवरआल में न्यू दून ब्लासम प्रथम, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 द्वितीय और दून ब्लासम स्कूल तृतीय रहा।

व्यक्तिगत वर्ग में न्यू दून ब्लासम स्कूल से शौर्या भारती प्रथम, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आइटीबीपी के सरस डिमरी द्वितीय व साई ग्रेस एकेडमी इंटरनेशनल की भावना रावत तृतीय रहीं। डीएवी पीजी कालेज से सेवानिवृत्त प्रो. डा. हरिश्चंद्र, मानव भारती विद्यालय के संस्कृत विभागाध्यक्ष डा. अनंत मणि त्रिपाठी व डीएवी पीजी कालेज के संस्कृत विभागध्यक्ष डा. राम विनय सिंह निर्णायक मंडल में रहे।

यह भी पढ़ें- श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर पहली बार कब मना था कान्हा का जन्मोत्सव? दिलचस्प है जन्माष्टमी से जुड़ी कहानी

यहां भी विशेष कार्यक्रम

श्री सनातन धर्म सभा की ओर से श्री सिद्धेश्वर राम मंदिर में उत्सव मनाया गया। इस्कान की ओर से ओएनजीसी सामुदायिक केंद्र में अध्यक्ष भाती दास के सानिध्य में हरिनाम संकीर्तन व भजन, कनक कला केंद्र के कलाकारों का श्री कृष्ण लीला नृत्य जबकि सनातन धर्म मंदिर में लीजा मंचन खास रहा। प्राचीन श्री शिव मंदिर धर्मपुर, श्री राम मंदिर दीपलोक कालोनी, श्री जगन्नाथ मंदिर विष्णु विहार, सनातन धर्म मंदिर गीता भवन, राधा कृष्ण मंदिर मन्नूगंज, सनातन धर्म मंदिर प्रेमनगर, कालिका माता मंदिर अंसारी मार्ग, आदर्श मंदिर पटेलनगर समेत विभिन्न मंदिरों में विशेष झांकियों के साथ ही कृष्ण गीत चलते रहे।