देहरादून में भीषण बारिश, भूस्खलन से 10 सड़कें हुई बंद; 30 गांवों का टूटा संपर्क
जौनसार बावर में भारी बारिश और भूस्खलन से 10 प्रमुख सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे जनजीवन, किसानों की फसलें और पर्यटन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रशास ...और पढ़ें

मूसलधार बारिश ने जनजीवन को किया अस्त-व्यस्त।
HighLights
भारी बारिश, भूस्खलन से जौनसार बावर की 10 सड़कें बंद।
किसानों की नगदी फसलें मंडियों तक नहीं पहुंच पा रही।
पर्यटन व्यवसाय प्रभावित, प्रशासन युद्धस्तर पर सड़कें खोल रहा।
संवाद सूत्र, देहरादून। जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के चलते 10 प्रमुख व ग्रामीण सड़कें मलबे के कारण अवरूद्ध होने से लोगों की दिनचर्या बुरी तरह से प्रभावित हो गयी। करीब 30 गांवों, खेड़ों व मजरों में रहने वाले ग्रामीणों की नगदी फसलें समय पर मंडियों तक नहीं पहुंच पायी।
जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ा। रास्तों के बंद होने से पर्यटन व्यवसाय भी बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है, साथ ही पर्वतीय बाजारों में खरीददारों की संख्या में भी कमी आयी है।
प्रभावित प्रमुख मोटर मार्गों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना कालसी और लोक निर्माण विभाग साहिया अंतर्गत आने वाले 10 महत्वपूर्ण मार्ग शामिल हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना कालसी के अंतर्गत लाखामंडल नाडा मोटर मार्ग, गास्की गडोग सकरोल, चुनौऊ मोटर मार्ग, धोईरा देऊ मोटर मार्ग, कोठा बैंड चंदोऊ सैंज मोटर मार्ग और कोठा बैंड पंजीया मोटर मार्ग, लोक निर्माण विभाग साहिया के कालसी चकराता स्टेट हाईवे, हरिपुर इच्छाड़ी स्टेट हाईवे, शंभू की चौकी पंजीया बनसार मोटर मार्ग, सहिया क्वानू मोटर मार्ग और साहिया समाल्टा दातनू बडनू मोटर मार्ग बंद हो गए।
मार्गों के बंद होने से जौनसार बावर के किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। समय पर फसलें मंडियों में नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का डर सता रहा है। लोक निर्माण विभाग साहिया के अधिशासी अभियंता अनुज भारद्वाज व पीएमजीएसवाई कालसी के अधिशासी अभियंता रोहित श्रीवास्तव ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण मलबा आने से मार्गों पर यातायात बाधित हुआ है।
सूचना मिलते ही अवरुद्ध सड़कों को जल्द से जल्द खोलने के लिए मौके पर जेसीबी मशीनें भेज दी गई हैं। युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है और जल्द ही सभी बंद मार्गों को यातायात के लिए पूरी तरह सुचारू कर दिया जाएगा।