हरिद्वार कांवड़ मेला: आकर्षण का केंद्र बनी 5.5 करोड़ की मैकलारेन कार थीम वाली कांवड़, सोशल मीडिया पर वायरल
हरिद्वार कांवड़ मेले में दिल्ली के शिवभक्तों ने साढ़े पांच करोड़ की मैकलारेन स्पोर्ट्स कार की डिजाइन पर आधारित भव्य कांवड़ बनाई है। ...और पढ़ें

हरिद्वार कांवड़ मेले में मैकलारेन स्पोर्ट्स कार की डिजाइन पर आधारित कांवड़ रही आकर्षण का केंद्र।
HighLights
मैकलारेन स्पोर्ट्स कार की डिजाइन पर बनी भव्य कांवड़
दिल्ली के शिवभक्तों ने तैयार की, कीमत साढ़े पांच करोड़
हरिद्वार मेले में आकर्षण का केंद्र, सोशल मीडिया पर वायरल
जागरण संवाददाता हरिद्वार। कांवड़ मेले में इस वर्ष आस्था के साथ आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
दिल्ली निवासी शिवभक्त कांवड़ यात्रियों ने करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये की मैकलारेन स्पोर्ट्स कार की डिजाइन पर आधारित भव्य कांवड़ तैयार की है, जो हरिद्वार में श्रद्धालुओं के आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र बन गई है।
अपनी अनोखी थीम और भव्य प्रस्तुति के कारण यह कांवड़ इंटरनेट मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है।
मैकलारेन स्पोर्ट्स कार की हूबहू आकृति में तैयार की गई इस कांवड़ में भगवान भोलेनाथ को विराजमान दिखाया गया है।
इसके साथ ही गंगा जल की अविरल धारा की भी व्यवस्था की गई है। पूरी कांवड़ को विशेष रूप से तैयार ट्रॉली पर स्थापित किया गया है, ताकि इसकी भव्यता और कलात्मक स्वरूप सुरक्षित बना रहे।
कांवड़ यात्रियों ने बताया कि इस डिजाइन को दिल्ली से तैयार कर लाए हैं। इस कांवड़ के जरिये भगवान शिव के प्रति आस्था और सनातन संस्कृति का संदेश देना है।
कांवड़ को देखने के लिए रास्ते भर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। लोग इसके साथ सेल्फी और वीडियो बना रहे हैं, जिससे यह कांवड़ मेले की सबसे चर्चित कांवड़ों में शामिल हो गई है।
हरिद्वार कांवड़ मेले में हर वर्ष अलग-अलग थीम पर कांवड़ें देखने को मिलती हैं, लेकिन इस बार मैकलारेन स्पोर्ट्स कार की थीम पर तैयार यह कांवड़ अपनी भव्यता, कलात्मकता और धार्मिक प्रस्तुति के कारण खास चर्चा का विषय बनी हुई है।