यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 16, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दून अस्पताल में बुजुर्ग महिला को जहरखुरान ने नशीला पदार्थ खिलाकर लूटा
दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के लिए आई बुजुर्ग महिला को जहर खुरान ने नशीला पदार्थ खिला कर लूट लिया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

देहरादून, [जेएनएन]: दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के लिए आई बुजुर्ग महिला को जहर खुरान ने नशीला पदार्थ खिला कर लूट लिया। जहर खुरान ने खुद को अस्पताल का कर्मचारी बता कर महिला और उसके बेटे को झांसे में लिया था। सूचना मिलने पर जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
पुलिस के मुताबिक संजय रावत निवासी सुंदरवाला रायपुर रोडवेज में चालक के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार की सुबह वह अपनी मां पार्वती देवी को इलाज के लिए दून अस्पताल लाए थे। अस्पताल में पर्ची कटाने के थोड़ी देर बाद उन्हें एक अनजान युवक मिला। युवक ने उनसे हालचाल पूछा और बताया कि वह उनके पिता को जानता है। साथ ही उसने यह भी बताया कि वह दून अस्पताल में काम करता है।
इसके बाद उसने संजय से अस्पताल आने का कारण पूछा तो उन्होंने मां के इलाज की बात बताई। युवक ने संजय से कहा कि वह डॉक्टर से बात कर उनका बेहतर इलाज करवा देगा, लेकिन थोड़ा वक्त लगेगा। इसके बाद संजय मां पार्वती को अस्पताल में युवक के पास छोड़कर ड्यूटी चले गए। करीब दो घंटे बाद संजय अस्पताल वापस लौटे तो देखा की उनकी मां अस्पताल में एक बेंच पर अचेत पड़ी हैं। संजय ने अपनी मां को जगाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
संजय ने उन्हें दून अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां पता चला की उन्हें कोई नशीला पदार्थ दिया गया है। संजय ने बताया कि जहर खुरान ने उसकी मां के गले से सोने की चेन और अन्य गहने लूट लिए हैं।
संजय की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने अस्पताल में युवक की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। एसएसआइ कोतवाली अरविंद कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल में लगे कैमरों की फुटेज से जहरखुरान की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

