बचपन की यादें ताजा करने मसूरी पहुंचे माइक्रोसाफ्ट CEO सत्या नडेला, पुराने स्कूल सीजेएम वेवरली का किया भ्रमण
माइक्रोसाफ्ट के सीईओ सत्या नडेला अपने परिवार के साथ मसूरी पहुंचे। उन्होंने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए अपने पुराने स्कूल, कान्वेंट आफ जीसस एंड ...और पढ़ें

माइक्रोसाफ्ट कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सत्या नडेला मसूरी पहुंचे।
HighLights
माइक्रोसाफ्ट के सीईओ सत्या नडेला ने परिवार सहित मसूरी में याद किया बचपन
कान्वेंट आफ जीजस एंड मैरी (सीजेएम) वेवरली स्कूल मसूरी में ली थी प्रारंभिक शिक्षा
संवाद सहयोगी, जागरण मसूरी: दुनिया की शीर्ष टेक कंपनियों में शुमार माइक्रोसाफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सत्या नडेला सोमवार को अपने परिवार के साथ पहाड़ों की रानी मसूरी पहुंचे। हालांकि, यह यात्रा पूरी तरह निजी दौरा रही, लेकिन उनके आगमन से शहर और शिक्षा जगत में उत्साह का माहौल बन गया।
नडेला ने बचपन से जुड़ी यादों को ताजा करते हुए मसूरी स्थित कान्वेंट आफ जीजस एंड मैरी (सीजेएम) वेवरली स्कूल में भ्रमण किया, जहां उन्होंने वर्ष 1970-71 में प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी।
पत्नी अनुपमा नडेला और बेटियों दिव्या व तारा के साथ आए सत्या नडेला ने करीब आधा घंटा स्कूल में बिताया और शिक्षकों के साथ फोटो खिंचवाई ।
-1765197509106.jpg)
संगीत शिक्षक रितेश भट्टाचार्य ने बताया कि नडेला की विनम्रता की सभी ने सराहना की। उनका कार्यक्रम निजी होने के कारण इसे गुप्त रखा गया था।
इस दौरान उन्होंने अपने पुराने कक्षाओं, परिसर और खेल मैदान को देखा और शिक्षकों व स्टाफ से आत्मीयता के साथ मुलाकात की। स्कूल प्रबंधन के अनुसार वैश्विक स्तर पर कार्य करते हुए भी नडेला की सादगी और विनम्र स्वभाव ने सभी को प्रभावित किया।
इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्य सिस्टर शायमा व मैनेजर सिस्टर सूजी ने उनका स्वागत किया। बता दें कि, सत्या नडेला के पिता बीएन युगांधर 1962 बैच के आइएएस अधिकारी थे और 1988-1993 के बीच मसूरी के लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी के निदेशक भी रहे।

निजी यात्रा, लेकिन गर्व का क्षण
स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों के लिए यह दौरा गर्व की बात रहा। मसूरी में अचानक उनके आगमन से लोग उत्साहित नजर आए। हालांकि सुरक्षा व निजी कार्यक्रम के चलते आम लोगों से मुलाकात सीमित रही। स्थानीय व्यापारी और पर्यटन सेक्टर इसे मसूरी के लिए सम्मानजनक क्षण मान रहे हैं।
खबरें और भी
युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा
मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि नडेला की यात्रा इस बात का संदेश देती है कि चाहे इंसान कितनी भी ऊंचाइयों को छू ले, अपनी जड़ों से जुड़ाव और बचपन की जगहों का महत्व कभी समाप्त नहीं होता है। नडेला का अपनी पुरानी पाठशाला में लौटना विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
सत्या नडेला का जीवन परिचय
- जन्म: वर्ष 1967, हैदराबाद
- माइक्रोसाफ्ट के तीसरे सीईओ, वर्ष 2014 से नेतृत्व
- एआई व क्लाउड टेक्नोलाजी को वैश्विक स्तर पर मजबूत करने का श्रेय
- दुनिया के सबसे प्रभावशाली सीईओ में शामिल
यह भी पढ़ें- माइक्रोसॉफ्ट में फिर से शुरू होने वाली भर्ती प्रक्रिया, सत्या नडेला ने बताया क्या रहेगा क्राइटेरिया?