यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 26, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डोईवाला में वृद्ध की गला रेतकर की हत्या, हत्यारे सीसीटीवी भी ले गए साथ
दून के डोईवाला कोतवाली के अंतर्गत सत्तीवाला माधोवाला गांव में बीएसएफ संस्थान के समीप स्थित मकान के अंदर एक वृद्ध की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

देहरादून, जेएनएन। डोईवाला कोतवाली के अंतर्गत सत्तीवाला माधोवाला गांव में बीएसएफ संस्थान के समीप स्थित मकान के अंदर एक वृद्ध की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसपी देहात परमेंद्र डोभाल ने बताया कि सरदार मलकीत सिंह (65 वर्ष) सत्तीवाला माधोवाला गांव में बीएसएफ संस्थान के समीप स्थित मकान में अकेले रहते थे। मंगलवार सुबह अज्ञात हत्यारे ने उनकी गला रेतकर हत्या कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

एसपी देहात परमेंद्र डोभाल ने बताया कि सरदार मलकीत सिंह ने जंगल के किनारे घर होने और अकेले रहने की वजह से अपने घर पर सीसीटीवी लगा रखे थे, लेकिन हत्यारे उनकी हत्या के बाद सीसीटीवी कैमरे और मशीन भी उखाड़ कर ले गए।

पुलिस की सूचना पर देहरादून से फॉरेंसिक टीम मर्डर की साइट पर पहुंची है। देहरादून से पुलिस का डॉग स्क्वाड भी मौके पर पहुंचा। मौके पर एसएसपी निवेदिता कुकरेती, एसपी देहात परमेंद्र डोभाल, सीओ लोकजीत सिंह, डोईवाला कोतवाल इंस्पेक्टर राकेश कुमार गुसाईं, सब इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में पुलिस व जनप्रतिनिधि व ग्रामीणों की भीड़ भी मौजूद रहे।
