यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 06, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उत्तराखंड कांग्रेसः नए अध्यक्ष के साथ अब संगठन में बदलाव तय
उत्तराखंड कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रीतम सिंह पार्टी फौरी चुनौती को देखते हुए अपनी टीम में अनुभवी और तेजतर्रार युवाओं को संगठन में आगे ला सकते हैं।

देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: उत्तराखंड में कांग्रेस नेतृत्व में परिवर्तन के बाद अब संगठन में भी फेरबदल तय माना जा रहा है। नवनियुक्त अध्यक्ष प्रीतम सिंह पार्टी के समक्ष फौरी चुनौती को देखते हुए अपनी टीम में अनुभवी और तेजतर्रार युवाओं को संगठन में आगे ला सकते हैं। संगठन में व्यापक फेरबदल में वक्त लगना तय है। इससे पहले प्रीतम सिंह पार्टी के दिग्गज नेताओं के साथ मशविरा करेंगे।
प्रदेश में युवाओं में भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति बढ़ते रुझान को थामना कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है। विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस सदमे की हालत में है। आलम ये है कि प्रदेश संगठन को अब भी मतदाताओं के बदले व्यवहार पर यकीन नहीं हो रहा है।
लिहाजा ईवीएम पर शिद्दत से ठीकरा फोड़ा जा रहा है। संगठन में नया जोश फूंकने के लिए हाईकमान प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन कर चुका है। कमान युवा और अनुभवी चकराता विधायक एवं पूर्व काबीना मंत्री प्रीतम सिंह को सौंपी गई है। प्रीतम की अध्यक्ष पद पर ताजपोशी के साथ ही अब संगठन में भी बदलाव होना है।
नए अध्यक्ष के सामने नगर निकाय चुनावों की चुनौती है। इसे देखते हुए संगठन में युवा और अनुभवी कार्यकर्ताओं को संगठन में अहम जिम्मेदारी सौंपकर आगे बढ़ाया जा सकता है।
प्रीतम सिंह नया दायित्व मिलने के बाद सबको साथ लेकर चलने का संकेत दे चुके हैं। इसलिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई बनने वाली कार्यकारिणी में नए अध्यक्ष के साथ ही विभिन्न क्षत्रपों की पसंद के क्रियाशील नेताओं को मौका मिल सकता है।
पार्टी सूत्रों की मानें तो प्रीतम अगले हफ्ते तक नया कार्यभार संभाल सकते हैं। माना जा रहा है कि नई कार्यकारिणी के गठन से पहले वह पार्टी के भीतर वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर उनका फीडबैक लेंगे।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह बोले, विश्वास बहाली पर विशेष जोर
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड कांग्रेसः करारी हार ने किया किशोर का पत्ता साफ
यह भी पढ़ें: उत्तराखंडः निर्विवाद छवि और ट्रेक रिकार्ड ने खोली प्रीतम की राह

