यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 20, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ओलंपियन मनीष रावत का वर्ल्ड वॉकिंग कप के लिए चयन
ओलंपियन रेस वॉकर मनीष रावत का एक बार फिर वर्ल्ड रेस वॉकिंग चैंपियनशिप के लिए चयन हो गया है।

देहरादून, [जेएनएन]: ओलंपियन रेस वॉकर मनीष रावत का एक बार फिर वर्ल्ड रेस वॉकिंग चैंपियनशिप के लिए चयन हो गया है। चीन के ताइसेंग में पांच व छह मई को होने वाली चैंपियनशिप के लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने चैंपियनशिप के लिए शुक्रवार को भारतीय एथलीटों की सूची जारी की। चैंपियनशिप के लिए चुनी गई भारतीय टीम में उत्तराखंड से एकमात्र मनीष रावत को शामिल किया गया है।
मनीष रावत ने हाल ही में गोल्ड कोस्ट ऑस्ट्रेलिया में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स की 20 किमी वॉक रेस स्पर्धा में प्रतिभाग करते हुए छठा स्थान पाया था। इससे पहले 2016 रियो ओलंपिक में मनीष ने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए 20 किमी वॉक रेस में 13वां स्थान हासिल किया था। इसी प्रदर्शन की बदौलत मनीष को उत्तराखंड पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नति हुई थी।
मूल रूप से चमोली के सगर गांव निवासी मनीष देहरादून स्थित एक्सीलेंस सेंटर में कोच अनूप बिष्ट से कोचिंग लेते हैं। इसी साल फरवरी में दिल्ली में हुई नेशनल रेस वॉकिंग चैंपियनशिप में मनीष ने रजत पदक अपने नाम किया। इससे पहले नवंबर में देहरादून में हुई ऑल इंडिया पुलिस एथलेटिक्स मीट में भी वे स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
