यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 01, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उत्तराखंड में ठंड का कहर, एक की मौत; बदलेगा मौसम का मिजाज
देहरादून जिले में कड़ाके की ठंड में ढाकपट्टी बाजार में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, राज्य में मौसम का मिजाज बदल सकता है। ...और पढ़ें

देहरादून, जेएनएन। सूबे में ठंड का कहर जारी है। कड़ाके की ठंड में राजपुर के ढाकपट्टी बाजार में एक युवक की मौत हो गई। युवक बिंदाल बस्ती गोविंदनगर का रहने वाला था और कूड़ा बीनने का काम करता है। दून में ठंड इस साल यह पहली मौत है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, राज्य में मौसम का मिजाज बदल सकता है।साल के पहले दिन राज्य में आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं।
एसओ राजपुर अरविंद सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम को किसी ने सूचना दी कि ढाकपट्टी बाजार में पोस्ट आफिस के पास एक युवक अचेत पड़ा हुआ है। मौके पर एंबुलेंस बुलाकर उसे दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान रामू निवासी बिंदाल बस्ती, गोविंदनगर के रूप में हुई है। सुबह वह बुझ चुके अलाव के पास पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह के समय युवक अलाव के पास से उठकर कहीं जाने लगा, लेकिन कुछ कदम चलकर गिर पड़ा। फिर उठ नहीं सका। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि सुबह के समय ठंड लगने से उसकी मौत हुई है।

बदल सकता दून का मौसम
कड़ाके की ठंड के बीच राज्य में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। राज्य के ऊंचार्इ वाले इलाकों में बर्फबारी हुर्इ। वहीं कर्इ जगह सुबह गुनगुनी धूप थी लेकिन शाम को अचानक मौसम बदल गया और बादल छा गए। इससे काफी ठंड बढ़ गर्इ।
उधर, बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री एवं यमनोत्री, हर्षिल, औली आदि क्षेत्रों में अधिकतम तापमान शून्य से नीचे चल रहा है। चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी व अल्मोड़ा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कई तालाब व झरनों का पानी जम गया है। लगातार एक सप्ताह से अल्मोड़ा का न्यूनतम तापमान माइनस से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। पंतनगर का तापमान भी माइनस में रिकार्ड किया गया। मसूरी में लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली है। यहां सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 18.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
खबरें और भी

जबकि दून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 23.1 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान से एक डिग्री कम 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार आने वाले 24 घंटे में राज्य में मौसम करवट बदल सकता है। विशेषकर पहाड़ों में हल्की बारिश एवं बर्फबारी की संभावना है।