यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 19, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: आयोग के इस एप से मिलेगी नतीजों की जानकारी, जानिए
पंचायत चुनाव की 21 अक्टूबर से होने वाली मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप देने में प्रशासनिक अमला जुट गया है।

देहरादून, राज्य ब्यूरो। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव (हरिद्वार को छोड़कर) की 21 अक्टूबर से होने वाली मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप देने में प्रशासनिक अमला जुट गया है। राज्य के 89 विकासखंड मुख्यालयों में मतगणना होगी और अगले दिन शाम तक सभी पदों पर तस्वीर साफ हो जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से एप भी लांच किया जा रहा है, जिसमें मतगणना से जुड़ी पल-पल की अपडेट जानकारी मिल सकेगी। पंचायत चुनाव के तहत ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए तीन चरणों में मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी की नजरें मतगणना पर टिक गई हैं।
21 अक्टूबर से होने वाली मतगणना के लिए 89 विकासखंड मुख्यालयों में व्यवस्था की गई है। राज्य निर्वाचन आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट के अनुसार मतगणना की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सभी विकासखंडों में रिजर्व में भी मतगणना टीमें रखी गई हैं। आयोग की ओर से नियुक्त प्रेक्षक भी मतगणना कार्य पर नजर रखेंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त भट्ट ने बताया कि मतगणना के नतीजों की जानकारी जनसामान्य को आसानी से मिल सके, इसे लिए एप लांच किया जा रहा है। इसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसे नाम दिया गया है 'यूकेपीएएनसीएचवाईएटी-2019'। इसे मतगणना के दिन 21 अक्टूबर सुबह लांच किया जाएगा। इसके जरिये नतीजों की पल-पल की जानकारी लोग ले सकेंगे।
