विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 01, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand Lockdown: लॉकडाउन के उल्लंघन में पुलिस ने 319 लोगों को किया गिरफ्तार

By Sunil NegiEdited By:
Updated: Wed, 01 Apr 2020 01:51 PM (IST)

लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर मंगलवार को प्रदेश में 106 मुकदमे दर्ज किए गए। इस दौरान 319 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

Uttarakhand Lockdown: लॉकडाउन के उल्लंघन में पुलिस ने 319 लोगों को किया गिरफ्तार
Uttarakhand Lockdown: लॉकडाउन के उल्लंघन में पुलिस ने 319 लोगों को किया गिरफ्तार

देहरादून, जेएनएन। लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर मंगलवार को प्रदेश में 106 मुकदमे दर्ज किए गए। इस दौरान 319 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। प्रदेश में अब तक कुल 468 मुकदमे दर्ज कर 2310 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके साथ ही अभी तक मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल 7874 वाहनों के चालान, 2211 वाहन सीज, जबकि 58,08,420 रुपये जुर्माना वसूला जा चुका है।

देहरादून जिले में नियमों का उल्लंघन करने पर 60 लोगों को गिरफ्तार किया गया। एमवी एक्ट का उल्लंघन करने पर 276 वाहनों का चालान, जबकि 130 वाहनों को सीज किया गया। दूसरी ओर रायवाला थाना पुलिस ने 15 ऐसे श्रमिकों को पकड़ा, जोकि जंगल के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे। बताया गया कि ये श्रमिक डोईवाला चीनी मिल में काम करते हैं। पुलिस ने श्रमिकों को 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन भेज दिया है।

हरिद्वार में लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन करने पर 15 वाहनों के चालन किए और 54 वाहन सीज किए गए। गढ़वाल क्षेत्र में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 45 वाहन सीज किए गए हैं।

दूसरी ओर हल्द्वानी में लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है। आवश्यक सामान खरीदने के लिए सुबह सात से अपराह्न् एक बजे तक छूट का लोग फायदा उठा रहे हैं। आवागमन या भीड़भाड़ भी कम ही दिख रही है।

ट्विटर पर बताई समस्या पुलिस ने घर पहुंचाई दवा

30 मार्च की रात को सुभाष भट्ट ने देहरादून पुलिस के ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट कर बताया कि उनकी पत्‍नी व एक वर्ष का बेटा, बुजुर्ग माता-पिता के साथ प्रेम नगर क्षेत्र में रहते हैं। उनका बेटा हार्ट का मरीज है, जिसे पेसमेकर लगा हुआ है। लॉकडाउन के चलते वह नोएडा में फंसा हुए हैं। घर पर उनके बेटे की दवाएं खत्म हो गई हैं जो आसपास के मेडिकल स्टोरों में उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। सुभाष भट्ट ने पुलिस से दवाओं को घर तक पहुंचाने के लिए मदद मांगी। प्रेमनगर के एसओ ने महंत इंदिरेश अस्पताल से दवा की व्यवस्था कर रात में ही उक्त दवा को उनके घर तक पहुंचाया।

यह भी पढ़ें: Lockdown: सड़कों में ड्रोन से रखी जा रही नजर, लॉकडाउन के उल्लंघन पर तीन गिरफ्तार

मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा किए 11 हजार रुपये

हरिद्वार रोड स्थित जौहरी नसिर्ंग होम में कार्यरत डॉ. अरविंद ढाका ने मुख्यमंत्री राहत कोष में ग्यारह हजार रुपये की धनराशि जमा कराई है। साथ ही मेडिकल पेशे से जुड़े अन्य लोगों से अपील की है कि वह भी सरकार को आर्थिक सहयोग करें। उधर, आइएमए प्रदेश इकाई के महासचिव डॉ. डीडी चौधरी ने भी पीएम केयर फंड में सभी से सहयोग की अपील की है।

यह भी पढ़ें: Lockdown: विकासनगर में लॉकडाउन के उल्लंघन पर चार गिरफ्तार, जमानत पर रिहा Dehradun News