यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 16, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गांजा और चरस तस्करी में पुलिस ने चार लोगों को किया गिरफ्तार
शहर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाकर गांजा और चरस तस्करी में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

देहरादून, जेएनएन। शहर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाकर गांजा और चरस तस्करी में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सात किग्रा गांजा और 100 ग्राम चरस बरामद की गई। एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
पटेलनगर इंस्पेक्टर सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चेकिंग के दौरान दो युवकों को आइएसबीटी के पास गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम भोला और यतेंद्र कुमार दोनों निवासी ग्राम पथवारी सासनी, हाथरस, उत्तरप्रदेश बताया।
इधर, नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मोथरोवाला चौक के पास क्रांति नाथ निवासी भानियावाला को दो किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया। आरोपित लंबे समय से स्कूल और कॉलेज के छात्रों को गांजा बेच रहा था। एसओ दिलवर सिंह नेगी ने बताया कि आरोपितों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। इसके अलावा रायपुर पुलिस ने सपेरा बस्ती में अकरम नाम के युवक को गिरफ्तार कर उसके पास 100 ग्राम चरस तथा गांजा बरामद किया है। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

