विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 23, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

शादी समारोह में किशोरों से चोरी कराने वाला हुआ गिरफ्तार Dehradun News

By Sunil NegiEdited By:
Updated: Sun, 23 Feb 2020 08:19 AM (IST)

नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने शादी समारोह में नाबालिगों की मदद से ज्वेलरी नकदी व अन्य सामान पर हाथ साफ करने वाले सांसी गैंग के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है।

शादी समारोह में किशोरों से चोरी कराने वाला हुआ गिरफ्तार Dehradun News
शादी समारोह में किशोरों से चोरी कराने वाला हुआ गिरफ्तार Dehradun News

देहरादून, जेएनएन। शादी समारोह में नाबालिगों की मदद से ज्वेलरी, नकदी व अन्य सामान पर हाथ साफ करने वाले सांसी गैंग के एक शातिर सदस्य को नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित के साथ एक किशोर भी था। दोनों को हरिद्वार में चंडी चौक के पास से दबोचा गया। उन्होंने हाल ही में देहरादून में ऐसी एक वारदात को अंजाम दिया था। तभी से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। आरोपित के पास घटना में प्रयुक्त कार, दो गले की चेन और नकदी मिली है। 

सीओ पल्लवी त्यागी ने बताया कि नौ दिसंबर 2019 को किशन नगर एनक्लेव में रहने वाले इंद्रजीत कक्कड़ ने नेहरू कॉलोनी थाने में चोरी की तहरीर दी थी। जिसमें उन्होंने बताया कि सात दिसंबर 2019 को जोगीवाला के एक वेडिंग प्वाइंट से उनकी बेटी की शादी हुई थी। समारोह के दौरान वेडिंग प्वाइंट से दूल्हे के पिता गिरीश कक्कड़ निवासी द्वारका (नई दिल्ली) का ज्वेलरी और नकदी से भरा बैग चोरी हो गया। 

इस मामले की जांच के लिए दो टीमें बनाई गईं। एक टीम एसओ नेहरू कॉलोनी दिलबर सिंह नेगी के नेतृत्व में और दूसरी एसओजी की। दोनों टीमों ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो घटना वाली रात मध्य प्रदेश के नंबर की एक कार वेडिंग प्वाइंट के आसपास घूमती नजर आई। इसके बाद एक टीम संदिग्ध आरोपित की फोटो व अन्य जानकारियों के साथ मध्य प्रदेश रवाना की गई। वहां पुलिस व अन्य लोगों की मदद से संदिग्ध की पहचान लाखन निवासी ग्राम-गुलखेड़ी पचोर, राजगढ़ (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। यह भी पता चला कि वह दिल्ली में इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने के चलते जेल जा चुका है। इसी बीच बीती 19 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि शादी समारोहों में चोरी करने वाले मध्य प्रदेश के सांसी गैंग के सदस्य बिजनौर और हरिद्वार में देखे गए हैं। पुलिस की दो टीमें बिजनौर और हरिद्वार रवाना की गईं। हरिद्वार में शुक्रवार को आरोपित लाखन को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथ एक किशोर भी पकड़ा गया है। जिसकी मदद से वह वारदातों को अंजाम देता था। किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

ऐसे दिया था वारदात को अंजाम

एसओ दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि लाखन दिसंबर 2019 में उक्त किशोर को साथ लेकर देहरादून पहुंचा था। सात दिसंबर को जोगीवाला स्थित वेडिंग प्वाइंट के बाहर कार खड़ी कर उसने किशोर की मदद से गहनों और रुपयों से भरा बैग चोरी किया। इसके बाद लाखन ने अपने दोनों मोबाइल बंद कर दिए और सहारनपुर होते हुए मध्य प्रदेश लौट गया।

यह भी पढ़ें: अवैध बंदूक के साथ युवक गिरफ्तार, वन्य जीवों के शिकार को घूम रहा था जंगल में Dehradun News

दिल्ली में दर्ज हैं चार मुकदमे

लाखन के खिलाफ देहरादून के अलावा दिल्ली में भी चोरी और टप्पेबाजी के चार मुकदमे दर्ज हैं। आरोपित के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। 

यह भी पढें: एटीएम कार्ड की क्लोनिंग करने वाले को पुलिस ने किया गिरफ्तार Dehradun News