ओलिंपिक मेजबानी के संकल्प के साथ कांवड़ उठाएंगी रेखा आर्या, वीरभद्र मंदिर तक 22 किमी तक पैदल यात्रा
खेल मंत्री रेखा आर्या 10 अगस्त को हरिद्वार से ऋषिकेश तक 22 किमी की विशेष कांवड़ यात्रा करेंगी। यह यात्रा भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी दिलाने और खेल ...और पढ़ें

HighLights
10 अगस्त को हरिद्वार से ऋषिकेश तक 22 किमी यात्रा।
भारत को 2036 ओलंपिक मेजबानी दिलाने का संकल्प।
खिलाड़ी, युवा और संत समाज भी यात्रा में होंगे शामिल।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। भारत को वर्ष 2036 के ओलिंपिक खेलों की मेजबानी के संकल्प को लेकर खेल मंत्री रेखा आर्या 10 अगस्त को हरिद्वार से ऋषिकेश तक विशेष कांवड़ यात्रा निकालेंगी।
हर की पौड़ी से शुरू होकर वीरभद्र मंदिर तक पहुंचने वाली 22 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में जलाभिषेक कर भारत के खेल महाशक्ति बनने और 2036 ओलंपिक की मेजबानी मिलने की कामना की जाएगी। यात्रा में खिलाड़ियों, युवाओं, खेल प्रेमियों और संत समाज की भी भागीदारी रहेगी।
उत्तरांचल प्रेस क्लब में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भारत को खेल महाशक्ति बनाने और 2036 ओलिंपिक की मेजबानी प्राप्त करने के संकल्प को समर्पित होगी।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी से होगा और समापन ऋषिकेश के वीरभद्र मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक के साथ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड हमेशा राष्ट्रीय संकल्पों को नई ऊर्जा देने वाली भूमि रही है। यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, खेल चेतना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का भी प्रतीक बनेगी।
उनका विश्वास है कि देवभूमि से उठने वाला यह संदेश देशभर के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगा और भारत को वैश्विक खेल शक्ति बनाने के अभियान को नई गति देगा।
खेल मंत्री आर्या ने बताया कि यात्रा में श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के संरक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज तथा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज विभिन्न चरणों में शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश और देश के खिलाड़ी, युवा, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक भी यात्रा का हिस्सा बनेंगे।
खबरें और भी
खेल मंत्री ने प्रदेशवासियों, खिलाड़ियों, युवाओं और संत समाज से 10 अगस्त को आयोजित इस विशेष कांवड़ यात्रा में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक संकल्प और आशीर्वाद से भारत 2036 ओलिंपिक की मेजबानी हासिल करने के लक्ष्य की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाएगा।