Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ऋषिकेश में कमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति हुई बाधित, गहराया एलपीजी संकट

    Updated: Wed, 11 Mar 2026 06:05 PM (IST)

    ऋषिकेश और ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से गैस प्लांट से कमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति बंद है। ...और पढ़ें

    ऋषिकेश में एक एजेंसी के बाहर सिलिंडर लेकर पहुंचा उपभोक्ता। जागरण

    ऋषिकेश में एक एजेंसी के बाहर सिलिंडर लेकर पहुंचा उपभोक्ता। जागरण 

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। ऋषिकेश समेत ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से गैस प्लांट से कमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति बंद होने से व्यापारिक प्रतिष्ठानों में एलपीजी का संकट गहराने लगा है।

    उपभोक्ताओं को घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति में भी देरी देखने को मिल रही है। वहीं, तेल कंपनी द्वारा घरेलू रसोई गैस की 25 दिनों से पहले बुकिंग न होने की नई व्यवस्था भी लागू कर दी गई है।

    दरअसल, ऋषिकेश, गुमानीवाला, श्यामपुर, रायवाला, छिद्दरवाला आदि क्षेत्रों में हरिद्वार जिले लंढौरा व बहादराबाद व उत्तर प्रदेश के लोनी स्थित एलपीजी प्लांट से घरेलू व कामर्शियल गैस की आपूर्ति की जाती है, लेकिन पिछले चार से पांच दिनों से एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित होती नजर आ रही है।

    गैस एजेंसी में पिछले तीन दिनों से कमर्शियल गैस सिलिंडर नहीं पहुंचे हैं। जबकि,कमर्शियल गैस सिलिंडर की लगातार मांग आ रही है।

    ऐसे में अधिकांश गैस एजेंसी के पास कमर्शियल गैस सिलिंडर का स्टाक खत्म होने लगा है। इससे आने वाले दिनों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों में एलपीजी का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।

    इधर, गैस प्लांट से घरेलू गैस की आपूर्ति में भी आंशिक कमी दर्ज की गई है। श्यामपुर स्थित एक गैस एजेंसी में चार तारीख के बाद बीते सोमवार को घरेलू रसोई गैस का सिलिंडर पहुंचा, जबकि सामान्य दिनों में हर दूसरे दिन में गैस का ट्रक पहुंचता था।

    कई अन्य गैस एजेंसी में भी कुछ ऐसी ही स्थिति है। बता दें कि ऋषिकेश के नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में कुल नौ गैस एजेंसी संचालित हैं, जिनमें में कुल 98,250 उपभोक्ता हैं।

    25 दिन से पहले नहीं मिलेगी घरेलू रसोई गैस

    नागरिक आपूर्ति विभाग ऋषिकेश के वरिष्ठ निरीक्षक सुनील देवली ने बताया कि तेल कंपनियों की ओर घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर नया नियम जारी किया गया है, जिसमें उपभोक्ता अब घरेलू रसोई गैस 25 दिन से पहले बुकिंग व प्राप्त नहीं कर सकेंगे।

    बताया कि इसके तहत उपभोक्ता को जिस दिन घरेलू गैस प्राप्त होगी, उसके अगले 25 दिनों के बाद ही अगली गैस मिल सकेगी।

    कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य है कि कोई भी उपभोक्ता एक सिलिंडर से ज्यादा अनावश्यक स्टाक जमा न कर सकें, ताकि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर गैस की आपूर्ति की जा सके।

    गैस प्लांट से ऋषिकेश नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में कमर्शियल गैस की आपूर्ति तीन दिनों से बंद है, जिसके कारण कई गैस एजेंसी में किल्लत हो रही है। घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति में मामूली असर है। कहीं-कहीं एक-दो दिन की देरी हो सकती है, लेकिन उपभोक्ताओं की बुकिंग पर नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है।
    - सुनील देवली, वरिष्ठ निरीक्षक, नागरिक आपूर्ति विभाग ऋषिकेश।

    • एजेंसी, कनेक्शन
    • जय शहीद जय गैस सेवा रायवाला, 10250
    • एसएस इंडेन छिद्दरवाला, 16000
    • एबीपी राज्य कर्मचारी गैस सर्विस आइडीपीएल, 7600
    • त्रिवेणी गैस सर्विस नटराज चौक, 7300
    • आशुतोष गैस सर्विस, लीसा डिपो, 13000
    • उमा गैस सर्विस कोयल घाटी, 11500
    • आदित्य राज इंडेन गैस एजेंसी श्यामपुर, 6500
    • अंकुर गैस सर्विस आशुतोष नगर, 12500
    • ऋषि गैस सर्विस भरत विहार, 13600

    यह भी पढ़ें- देहरादून में घर बैठे LPG Cylinder की बुकिंग के लिए करें इन नंबरों पर कॉल, कतार में खड़े होने की नहीं जरूरत

    खबरें और भी