ऋषिकेश: गंगा में बहा मेरठ का युवक, पांच दोस्तों के साथ आया था घूमने; रेस्क्यू जारी
ऋषिकेश में सिरासू पुल के पास गंगा में नहाते समय मेरठ का 23 वर्षीय युवक सार्थक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। ...और पढ़ें

पौड़ी जिले के अंतर्गत सिरासू पुल के समीप रेस्क्यू आपरेश चलाती एसडीआरएफ की टीम।
HighLights
मेरठ का 23 वर्षीय युवक ऋषिकेश में गंगा में बहा
एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी, तेज बहाव बना बाधा
गंगा का जलस्तर बढ़ा होने से रेस्क्यू में दिक्कत
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। पौड़ी जिले के अंतर्गत सिरासू पुल के समीप रविवार दोपहर गंगा नदी में स्नान करते समय मेरठ (उत्तर प्रदेश) का एक 23 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की डीप डाइवर टीम ने नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन गंगा का जलस्तर बढ़ा होने के कारण फिलहाल युवक का कुछ पता नहीं चल सका है।
पांच दोस्तों के साथ आया था ऋषिकेश
एसडीआरएफ ढालवाला के निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि रविवार दोपहर करीब दो बजे जिला कंट्रोल रूम टिहरी के माध्यम से इस हादसे की सूचना मिली थी।
नदी में बहे युवक की पहचान सार्थक (23 वर्ष) पुत्र विनोद कुमार निवासी 742, शिव विहार कालोनी, कंकरखेड़ा, नियर डीसी एन्क्लेव, पोओ-कंकरखेड़ा, जिला मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पूछताछ में पता चला है कि सार्थक गाजियाबाद में फाइनेंस सेक्टर में नौकरी करता था। वह अपने पांच दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया हुआ था। रविवार को सभी दोस्त सिरासू पुल के नीचे गंगा किनारे बैठे थे।
इसी दौरान सार्थक नदी में नहाने के लिए उतरा, लेकिन पानी के तेज वेग के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते बहाव में बहकर आंखों से ओझल हो गया।
बढ़ा जलस्तर बना रेस्क्यू में बाधा
हादसे के बाद दोस्तों ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित किया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने बोट और डीप डाइवर्स के साथ नदी में संभावित दूरी तक खोजबीन की।
निरीक्षक सजवाण ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण रविवार को गंगा का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है, जिससे सर्चिंग में काफी कठिनाई आ रही है। सार्थक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
रविवार को अंधेरा होने के कारण अभियान रोक दिया गया था, सोमवार सुबह से एसडीआरएफ दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली से ऋषिकेश घूमने आए 6 युवकों में से 2 गंगा में बहे, तेज बहाव के कारण सर्च अभियान में आ रही दिक्कत
यह भी पढ़ें- ऋषिकेश में बड़ा सर्च ऑपरेशन: पशुलोक बैराज से बरामद किए 3 शव, गंगा में अलग-अलग हादसों के शिकार हुए थे लोग