ऋषिकेश में चश्मे को उठाने के चक्कर में गंगा में बहा किशोर, दून से 4 दोस्तों के साथ आया था घूमने
ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर गंगा में चश्मा उठाते समय 17 वर्षीय आयुष थापा तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। ...और पढ़ें

ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर किशोर की तलाश को पहुंची एसडीआरएफ की टीम।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। त्रिवेणी घाट ऋषिकेश में गंगा नदीं में नहाने के दौरान गिरे चश्मे को उठाने के चक्कर में एक किशोर पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया।
जल पुलिस व एसडीआरएफ लापता किशोर की तलाश में सर्च अभियान चला रही है, लेकिन अब तक उसका कुछ पता नहीं चल सका है।
एसडीआरएफ ढालवाला के निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि घटना रविवार सुबह 7.40 बजे की है।
चार दोस्त ऋषिकेश घूमने आए थे, जो रविवार सुबह त्रिवेणी घाट में नहाने पहुंचे। नहाने के दौरान एक किशोर का चश्मा गंगा में गिर गया। वह चश्मा उठाने लगा, लेकिन गंगा के प्रवाह के साथ चश्मा आगे की ओर जाने लगा।
किशोर भी कुछ कदम आगे बढ़ गया, जिससे वह गंगा के तेज बहाव की चपेट में आ गया और कुछ दूरी बाद अदृश्य हो गया। यह देख उसके अन्य दोस्तों ने चिल्लाते हुए आस-पास के लोगों से मदद की गुहार लगाई।
सूचना मिलते ही जल पुलिस व एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे और सुरक्षा उपकरणों के साथ सर्च अभियान शुरू किया।
बताया कि गंगा में बहे किशोर की पहचान आयुष थापा (17) पुत्र सुनील थापा निवासी ओल्ड कनाट प्लेस, चकराता रोड देहरादून के रूप में हुई है।
बताया कि अन्य दोस्तों से पूछताछ में उन्होंने बताया है कि वे ऋषिकेश में मंदिर घूमने आए थे। ऋषिकेश पुलिस ने आयुष के स्वजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद स्वजन भी मौके पर पहुंचे।
खतरे को गंभीरता से ले पर्यटक
स्थानीय प्रशासन व एसडीआरएफ ने श्रद्धालु व पर्यटकों से गंगा नदी में प्रतिबंधित तटों व संवेदनशील घाटों में स्नान न करने की चेतावनी जारी की है।
कहा कि सुरक्षित घाटों में ही स्नान करें। गंगा में सुरक्षित स्थान में ही रहें, आगे न जाएं। कोई भी सुरक्षा संबंधी सहायता व जानकारी के लिए स्थानीय पुलिस व एसडीआरएफ के जवान से संपर्क कर सकते हैं। गंगा घाटों में लगे बोर्ड में की गई अपील का पालन करें।