यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Weekend पर मसूरी पैक, सुबह से रात तक लग रहा जाम; ऋषिकेश में भी कुछ ऐसा ही हाल
Tourist Rush in Uttarakhand वीकेंड पर मसूरी में पर्यटकों की आमद बढ़ने से बाजारों व पर्यटन स्थलों पर रौनक रही जिससे स्थानीय दुकानदार खुश लेकिन आमजन जाम ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून: Tourist Rush in Uttarakhand: वीकेंड पर मसूरी पूरी तरह पैक है। वहीं ऋषिकेश में भी ऐसा ही हाल है। यहां लोगों को जाम से दो-चार होना पड़ रहा है।
वीकेंड पर मसूरी में पर्यटकों की आमद बढ़ने से बाजारों व पर्यटन स्थलों पर रौनक रही, जिससे स्थानीय दुकानदार खुश, लेकिन आमजन जाम से परेशान रहा। किंक्रेग से लाइब्रेरी, जीरो प्वाइंट कैंपटी रोड पर वाहन रेंगते हुए चलते रहे।
शनिवार को मालरोड, कुलड़ी बाजार और लाइब्रेरी बाजार में पर्यटकों से देर रात तक रौनक बनी रही। प्रमुख पर्यटन स्थल जार्ज एवरेस्ट, कंपनी गार्डन, गनहिल, भट्टा फाल, कैंपटी फाल दिनभर पर्यटकों से गुलजार रहे। मसूरी होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि शनिवार शाम तक होटलों में औसतन 55 से 65 प्रतिशत तक पर्यटकों की एक्युपेंशी रही।
बुरी तरह चरमराई यातायात व्यवस्था, हर चौराहे में लगा लंबा जाम
ऋषिकेश में शनिवार-रविवार को वैसे भी सप्ताहांत के कारण शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, लेकिन शनिवार को पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति में दोपहर तक यातायात व्यवस्था चरमराती रही। हर चौराहे में जाम की बुरी स्थिति रही। दोनों ओर से वाहन बेतरतीब तरीके से फंसे रहे, जिससे हालात और बिगड़ते नजर आए।
वहीं, सप्ताहांत के चलते हरिद्वार-ऋषिकेश, ऋषिकेश-मुनिकीरेती, लक्ष्मणझूला, रामझूला, तपोवन-शिवपुरी, नटराज-भद्रकाली रूटों पर भी लंबा जाम लगा। शुक्रवार शाम को मतदान संपन्न हुए। अधिकांश पुलिस जवान चुनाव ड्यूटी में रातभर व्यस्त रहे। इस कारण दोपहर करीब एक से दो बजे तक अधिकांश चौराहों पर पुलिसकर्मियों की उपस्थित नजर नहीं आई।
इस दौरान देहरादून तिराह, चंद्रभागा तिराहा, आइएसबीटी रोड, देहरादून रोड, रेलवे रोड में लंबा जाम लगता रहा। पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति के कारण कई बार हालात बेकाबू भी होते रहे। वाहन चालक निकलने की जल्दबाजी में वाहनों को बेतरतीब तरीके से खड़े करते नजर आए, जिससे यातायात और बाधित होता रहा।
खबरें और भी
अन्य चालकों ने आपत्ति जताई तो कई बार नोंक-झोंक भी होती नजर आई। इस दौरान ढालवाला-चौदह बीघा मार्ग सहित अनेक आंतरिक मार्गों में भी जाम की स्थिति बनी रही। यातायात को नियंत्रित व संचालित करने के लिए पुलिस व होमगार्ड के जवान की कमी बेहद खलती रही।
हालांकि, दोपहर में त्रिवेणी घाट चौक सहित कई चौराहों में पुलिसकर्मी व होमगार्ड के जवान पहुंचने शुरू हुए। इसके बाद स्थिति को अनियंत्रित होने से रोका जा सका, हालांकि यातायात बाधित होता रहा। वहीं, सप्ताहांत के कारण दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उप्र से चौपहिया वाहनों में अधिक संख्या में सैलानी ऋषिकेश पहुंचते रहे।
इस दौरान नेपाली फार्म से श्यामपुर बाईपास चौकी तक दिनभर लंबा जाम लगा रहा। रेलवे फाटक बंद होने से हालात और बिगड़े। चंद्रभागा पुल चौराहा, मुनिकीरेती, राम झूला, लक्ष्मण झूला, तपोवन में भी दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। वाहन रेंगरेंगकर आगे बढ़ते नजर आए। यहां भी पुलिसकर्मियों की कमी देखी गई।
गर्मी के साथ बढ़ने लगे बाहरी राज्यों के सैलानी
पिछले एक सप्ताह से ऋषिकेश सहित उत्तर भारत में तापमान में बड़ा उछाल देखने को मिल रहा है। ऐसे में अन्य राज्यों से सैलानी सप्ताहांत में गर्मी से निजात पाने के लिए उत्तराखंड पहुंचने शुरू हो गए हैं। सैलानी ऋषिकेश के वाटरफाल व गंगा नदी में नहाना बेहद पसंद करते हैं। यही कारण है कि पिछले सप्ताहांत से सैलानियों की संख्या में वृद्धि दर्ज की जाने लगी है। शनिवार को भी सैलानियों की संख्या में वृद्धि देखी गई। इसके कारण यातायात पर भी बुरा असर पड़ा।